शाहजहांपुर। जिले में कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को ओसीएफ (आर्डनेंस क्लोदिंग फैक्टरी) कर्मचारी की कोरोना से मौत हो गई। वह मेडिकल कॉलेज के एल-2 कोविड अस्पताल में भर्ती थे। वहीं 31 की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिले में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2162 तक पहुंच गई है, जिसमें 764 लोग डिस्चार्ज भी किए जा चुके हैं। मृतकों की संख्या 27 तक पहुंच गई है।
सोमवार को थाना सदर बाजार अंतर्गत फैक्टरी एस्टेट की डबल स्टोरी निवासी लगभग 50 वर्षीय व्यक्ति 14 अगस्त को मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल एल-2 किए गए थे। सीएमएस डॉ. एयूपी सिन्हा ने बताया कि संक्रमित व्यक्ति की सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे मौत हो गई। अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा।
एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के सहायक नोडल अधिकारी/बीएसए राकेश कुमार ने बताया कि सोमवार को कुल 31 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इधर, रविवार को एक लेखपाल के पॉजिटिव आने से तहसील सदर 24 घंटे के लिए सील कर दी गई है। एसडीएम सदर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार को तहसील अपने निर्धारित समय पर खुलेगी। नए संक्रमितों में 17 शहरी क्षेत्र में और ग्रामीण अंचलों में बंडा के पांच, तिलहर के पांच, जलालाबाद में एक पॉजिटिव मिला है। इस तरह सोमवार को ग्रामीण क्षेत्र के 14 और शहरी क्षेत्र के 17 लोग संक्रमित मिले हैं।
तिलहर में पांच और कटरा में चार पॉजिटिव मिले
तिलहर। तिलहर सीएचसी पर सोमवार को हुई रैपिड जांच में नौ लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सीएचसी प्रभारी डॉक्टर कमरुज्जमा ने बताया कि सोमवार को यहां कुल 100 लोगों की जांच की गई। इनमें तिलहर नगर के मोहल्ला बहादुरगंज में एक पुरुष और महिला, राजनपुर और शिवदासपुर के एक -एक पुरुष और डभौरा की एक महिला संक्रमित मिले। उधर, मीरानपुर कटरा निवासी एक पुरुष और तीन महिलाएं संक्रमित पाई गई हैं। संवाद