जिला सहकारी बैंक के मुख्यालय पर समीक्षा करते अध्यक्ष डीपीएस राठौर। संवाद
शाहजहांपुर। जिले को शनिवार को जंबो रैक मिली है। इसमें सहकारिता विभाग को 25.27 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध कराई गई है। सहकारिता विभाग के पास वर्तमान में पांच हजार टन खाद उपलब्ध है। जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीपीएस राठौर ने खाद को समितियों माध्यम से वितरण करने के निर्देश दिए हैं।
डीसीबी अध्यक्ष ने सोमवार को यूरिया की उपलब्धता और वितरण के संबंध में बैंक मुख्यालय पर समीक्षा की। उन्होंने बताया कि डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह के अनुरोध पर सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर के प्रयास से खाद मिली है। उर्वरक खरीफ अभियान के अंतर्गत एक अप्रैल से 31 जुलाई तक जनपद का लक्ष्य 17 हजार मीट्रिक टन यूरिया का था।
इसके सापेक्ष सहकारिता विभाग सहकारी समितियों द्वारा 21 जुलाई तक ही 18 हजार मीट्रिक टन से ज्यादा यूरिया वितरित की जा चुकी है। पिछले वर्ष इसी अवधि तक समितियों के माध्यम से 11 हजार मीट्रिक टन यूरिया वितरित किया गया था। अब तक लगभग तीन हजार मीट्रिक टन यूरिया प्राइवेट रैक से समितियों को मिल चुकी है।
इसके अलावा आंवला प्लांट से सड़क मार्ग के माध्यम से प्रतिदिन 120 मीट्रिक टन खाद सहकारिता विभाग को प्राप्त हो रही है। अध्यक्ष ने बताया कि जनपद में पांच हजार मीट्रिक टन से अधिक यूरिया उपलब्ध है। इस दौरान सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता अखिलेश प्रताप सिंह, मुख्य कार्यपालक सौरभ द्विवेदी, जिला सहकारी अधिकारी आनंद श्रीवास्तव, हरिकेश परमार, संजय सिंह, जिला प्रबंधक पीसीएफ यशवीर सिंह, इफको प्रतिनिधि रामरतन सिंह आदि मौजूद रहे।