शाहजहांपुर। रोडवेज की अनुबंधित बसों को जल्द ही बाहर के पंपों पर तेल डलाने से छुटकारा मिलेगा। इसके लिए बस अड्डे में ही डीजल पंप लगाए जाने का काम शुरू भी हो गया है। हालांकि निगम के वर्कशॉप पर पहले से ही डीजल पंप लगा है जिससे सिर्फ रोडवेज की बसों को ही डीजल उपलब्ध कराया जाता है। रोडवेज ने इससे विभाग की आय में इजाफा होना बताया है।
बसों की कमी के चलते उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने प्राइवेट बस आपरेटरों की बसें अनुबंधन के आधार पर लगा रखी हैं। शाहजहांपुर में रोडवेज के पास 78 अनुबंधित बसें हैं, जिनका संचालन विभिन्न रूटों पर किया जाता है। वर्तमान समय में विभाग की ओर से इन बसों को प्रति किलोमीटर के आधार पर भुगतान किया जाता है। इनमें चालक व परिचालक विभाग के होते हैं और डीजल का व्यय भी विभाग को करना पड़ता है। चालकों को बसों में डीजल रोडवेज के डीजल पंप की बजाय बाहर से खरीदना पड़ता हैं। जिसका भुगतान बाद में रोडवेज की ओर से बस की आय का 40 फीसदी डीजल के लिए किया जाता है। अनुबंधित बसों के संचालन में होने वाले खर्च को कम करने के लिए रोडवेज ने अपने पंप से डीजल मुहैया कराने का निर्णय लिया था। इस पर अमल शुरू हो गया है। शनिवार को रोडवेज बस स्टैंड पर दाहिनी ओर जेसीबी से खुदाई काम किया गया जिससे डीजल पंप के लिए टैंक को रखवाया जा सके। इसके बाद पंप लगवाया जाएगा। पंप लगने के बाद अनुबंधित बसों को यही से डीजल दिया जाएगा।
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की ओर से लगाया जाएगा पंप
अनुबंधित बसों को डीजल का पैसा न देकर अपने पंप से डीजल मुहैया कराने का निर्णय लिए जाने के बाद रोडवेज ने इंडियन ऑयल कारपोरेशन (आईओसी) के पास शाहजहांपुर बस अड्डे पर एक डीजल पंप लगाने का प्रस्ताव भेजा था। कंपनी ने टीम भेजकर जगह का सर्वे कराया। इसके बाद बस अड्डे पर दाहिनी ओर डीजल पंप लगवाने के लिए जगह का चयन किया गया। अब यही पर पंप लगाने के लिए काम शुरू कर दिया गया है।
अनुबंधित बसों को डीजल उपलब्ध कराने के लिए रोडवेज बस अड्डे पर ही पंप लगाए जाने का काम शुरू हो गया है। इंडियन ऑयल कारपोरेशन की ओर से पंप को लगाया जा रहा है। इससे रोडवेज में अनुबंधित 78 बसों को डीजल उपलब्ध कराया जाएगा। - एसके निगम, प्रभारी रोडवेज बस अड्डा शाहजहांपुर।