शाहजहांपुर। हर माह की सात तारीख तक वेतन भुगतान समेत सेवा शर्तों से जुड़ी अन्य मांगों को लेकर एक्सईएन सिटी से वार्ता के बाद कार्य बहिष्कार और धरना-प्रदर्शन तीन मार्च तक स्थगित रखने का निर्णय कर चुके विद्युत निगम के संविदा कर्मचारी बुधवार सुबह आठ बजे से फिर कार्य बहिष्कार पर चले गए। उन्होंने अधीक्षण अभियंता कार्यालय परिसर में धरना दिया और मांगें पूरी होने तक कार्य बहिष्कार जारी रखने की घोषणा की।
दो दिन पहले इन सभी बिंदुओं पर एक्सईएन सिटी प्रशांत गुप्ता ने नियोक्ता कंपनी के अधिकारी से मोबाइल पर वार्ता की। इसके बाद विद्युत संविदा मजदूर संगठन ने कार्य बहिष्कार स्थगित कर दिया, लेकिन बाद में संगठन के पदाधिकारियों ने आपात बैठक कर मांगें पूरी होने तक धरना जारी रखने का फैसला कर लिया।
उनका कहना है कि अधिकारियों से किसी भी समस्या के समाधान को संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। फिलहाल, बिजली आपूर्ति व्यवस्था निगम के नियमित लाइन मैन, स्केल्ड कुली, विभागीय संविदा कर्मचारियों पर टिकी है। इस दौरान मुनीश पाल, राजेश कुमार, रईस अहमद, रंजीत यादव, अशोक सक्सेना, बनवारी लाल, अमर सक्सेना, उपेंद्र मिश्रा, शकील अहमद, मो. तारिक, धीरज शर्मा आदि शामिल रहे।
बिजली उपकेंद्रों पर संविदा कर्मियों का प्रदर्शन
खुटार। खुटार और रामपुरकलां के बिजली उपकेंद्रों पर संविदाकर्मियों ने बुधवार को कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। विद्युत संविदा मजदूर संगठन के बैनर तले वेतन आदि की मांग पर को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारी सतीश, विपिन श्रीवास्तव, कल्लू मिश्रा, अवनीश, चंदन, राजीव, श्रीधर आदि ने बताया कि होली का पर्व नजदीक आ गया है, लेकिन उन लोगों को अभी तक जनवरी का वेतन नहीं दिया है।
फरवरी माह भी समाप्त होने की ओर से हैं, लेकिन जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। मजबूरन उन लोगों के सामने आंदोलन के अलावा और कोई चारा नहीं बचा है। बिजली निगम के अधिकारी उन लोगों को संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे हैं। इससे कर्मचारियों में रोष है। प्रदर्शन के दौरान तमाम संविदाकर्मी मौजूद रहे। संवाद