खुटार। ब्लॉक क्षेत्र के पहले आयुर्वेदिक अस्पताल का निर्माण कार्य गांव बेला में शुरू हो गया है। इससे लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा।
गांव बेला में 1983 से आयुर्वेदिक अस्पताल किराए के भवन में चल रहा था। वर्ष 2002 में शाहजहांपुर के 94 गांव काटकर पीलीभीत जनपद में शामिल कर दिए गए थे। बेला गांव शाहजहांपुर में ही रहा लेकिन पोस्ट जोगराजपुर लिखा होने और जोगराजपुर पीलीभीत में चले जाने से आयुर्वेदिक अस्पताल का संचालन पीलीभीत से किया जाने लगा था।
खुटार प्रथम से जिला पंचायत सदस्य पूजा प्रवीण मिश्रा ने इस संबंध में कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना सहित कई मंत्रियों को पत्र भेजकर आयुर्वेदिक अस्पताल के लिए भवन का निर्माण कराने और संचालन शाहजहांपुर जिले से कराने की मांग की थी। इस मामले को कई बार प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। मंत्री सुरेश खन्ना के प्रयास से गांव बेला में आयुर्वेदिक अस्पताल का भवन बनाने को मंजूरी मिल गई।
इसका संचालन भी शाहजहांपुर से ही होगा। 17 लाख रुपये से अस्पताल के लिए कक्ष का निर्माण भी शुरू हो गया है। अस्पताल बनने के बाद गांव बेला, चांदपुर, तुलापुर, कोल्हूगाढ़ा, हरनहाई, नवदिया नवाजपुर, नवदिया सराय सहित दो दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
आयुर्वेदिक अस्पताल के लिए हम लोगों ने काफी प्रयास किए थे। अब अस्पताल का निर्माण शुरू हो गया है। आयुर्वेदिक दवा के लिए अभी तक लोगों को निजी डॉक्टर के पास जाना पड़ता था। सरकारी अस्पताल का लाभ मिलेगा।
प्रवीण मिश्रा, खुटार
आयुर्वेदिक अस्पताल बनने से क्षेत्र के कई गांवों के लोगों का लाभ मिलेगा। अभी तक पीलीभीत से संचालन होने के कारण समस्याएं थीं, वह भी दूर हो सकेंगी।
हर्षित मिश्रा, गांव कोल्हूगाढ़ा