शाहजहांपुर में एसई को ज्ञापन देते उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी। संवाद
शाहजहांपुर। उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट ने दिक्कतों को देखते हुए स्मार्ट मीटर लगाने का काम बंद कराने की मांग करते हुए एसई को ज्ञापन दिया। व्यापारियों ने विद्युत दरों में वृद्धि का भी विरोध किया।
जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ ने एसई को बताया कि प्रदेश से विद्युत दरों में वृद्धि किए जाने के प्रयास का संगठन विरोध करता है। विद्युत दरों में वृद्धि उपभोक्ताओं के लिए चिंता का विषय है। इसके लागू होने से उपभोक्ताओं पर भार बढ़ जाएगा। प्रदेश में दो कंपनियों को स्मार्ट मीटर लगाने के लिए अनुबंधित किया गया है। इसमें दक्षिणाचंल की जीनस कंपनी स्मार्ट मीटर लगाने का काम कर रही है। यह मीटर बिजली उपयोग से साढ़े चार गुना अधिक रीडिंग दे रहे हैं। स्मार्ट मीटर लगाने वाली दोनों कंपनियों को पूर्व में गोवा में ब्लैक लिस्टेड किया गया था। ज्ञापन देने वालों में धर्मपाल रैना, नाजिम खान, सुनील गुप्ता, अतुल गुप्ता, सतनाम चावला, रोहित अग्रवाल, गौरव बल्लभ गुप्ता, राजेश जायसवाल आदि मौजूद रहे।