तिलहर में विद्युत निगम के कार्यालय पर धरना देते कांग्रेस के पदाधिकारी। स्रोत: संगठन
तिलहर। बिजली बिलों में बढ़ोतरी और उपभोक्ताओं का बिना पूर्व सूचना विद्युत लोड बढ़ाए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विद्युत निगम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद एसडीओ अतुल गुप्ता को ज्ञापन देकर जांच कराने की मांग की।
कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश सचिव और नगर अध्यक्ष प्रो. डॉ. जाने आलम खान के नेतृत्व में कार्यकर्ता उपकेंद्र पर पहुंचे। बारिश के बीच पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की। उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देकर बताया कि उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शनों का लोड बिना सूचना दिए बढ़ा दिया गया है। यह निर्धारित नियमों के विपरीत है।
पहले जिन उपभोक्ताओं का बिजली बिल करीब 600 रुपये आता था। अब वही बिल 1500 से 3500 रुपये तक पहुंच रहा है। आरोप लगाया कि जर्जर विद्युत लाइनें, पुराने केबल और क्षतिग्रस्त खंभे नहीं बदले गए हैं, लेकिन उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। प्रदर्शन में दानिश शेख, अजय पाठक, मोहम्मद फिरोज, अफजल हुसैन खान, इमरान सिद्दीकी आदि शामिल रहे।