शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश उप-निरीक्षक नागरिक पुलिस के पदों पर भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के लिए जनपद स्तर पर गठित परीक्षा चयन समिति व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक कलक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में हुई। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 13 केंद्रों पर होने वाली परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष व शुचितापूर्ण तरीके से कराने के लिए सतर्कता, सजगता व अनुशासन बनाए रखने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, अतिरिक्त सहायक केंद्र व्यवस्थापक की तैनाती कर दी गई है।
डीएम ने बताया कि प्रश्न पुस्तिकाओं को परीक्षा के दिन कंट्रोल रूम से प्राप्त करने व परीक्षा केंद्रों पर पहुंचाने व लाने के लिए ड्यूटी लगा दी गई है। सभी तैयारियों की समीक्षा करते हुए डीएम ने ड्यूटी में लगाए सभी अधिकारियों व अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि परीक्षा को निष्पक्ष तरीके से कराना जिम्मेदारी है।
एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि ड्यूटी में लगाए सभी मजिस्ट्रेट व केंद्र व्यवस्थापक निर्देश पुस्तिका का गंभीरता से अध्ययन कर लें। किसी भी भ्रम की स्थिति में स्थिति स्पष्ट कर लें। एसपी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों समेत महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त पुलिस व्यवस्था व सीसी कैमरों की व्यवस्था की गई है।
एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, एडीएम न्यायिक राशिद अली, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार, डीआईओएस हरिवंश कुमार आदि मौजूद रहे।