निगोही में किसान नेता का चिकित्सीय परीक्षण करती टीम। संवाद
निगोही। संडाखास में नवनिर्मित विद्युत उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति कराए जाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन के तत्वावधान में आमरण अनशन के दूसरे दिन सोमवार को बुजुर्ग लक्ष्मण प्रसाद (85) की दोपहर में हालत बिगड़ जाने से प्रशासन हरकत में आ गया। एसडीएम और सीओ ने स्वास्थ्य टीम बुलाकर उनका चिकित्सीय परीक्षण कराकर सीएचसी भिजवाया। बाद में दोनों अफसरों ने संडा खास उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति शुरू करा दी।
भाकियू के कार्यकर्ता मांगों को लेकर दस दिन तक क्रमिक अनशन करने के बाद रविवार से आमरण अनशन पर बैठ गए थे। बुजुर्ग किसान नेता लक्ष्मण प्रसाद भी अनशन पर बैठे थे। सोमवार को सुबह उन्होंने कमजोरी और चक्कर आने की शिकायत की। पुलिस से यह जानकारी मिलते ही एसडीएम जीत सिंह और सीओ शुभम वर्मा ने अनशन स्थल पर जाकर सीएचसी से टीम बुलाई।
जांच से पता चला कि लक्ष्मण प्रसाद का शुगर लेबल बहुत कम हो गया है। डॉ. नितिन चौधरी ने उन्हें उपचार देने की जरूरत बताई। इस पर एसडीएम और सीओ ने लक्ष्मण प्रसाद को समझाकर इलाज के लिए सीएचसी भेज दिया। बाद में अधिकारियों ने संडा खास जाकर वहां से आपूर्ति चालू करा दी, लेकिन भाकियू कार्यकर्ता अनशन खत्म करने के लिए राजी नहीं हुए।
अनशन का नेतृत्व कर रहे भाकियू के मंडल महासचिव देवेंद्र पाल सिंह के अनुसार, जब तक नए उपकेंद्र की सभी लाइनें चालू नहीं होतीं, आंदोलन जारी रखा जाएगा। एसडीएम जीत सिंह राय ने बताया कि किसानों की मांग के अनुसार नए उपकेंद्र से जिंदपुरा ट्यूबवेल फीडर शुरू करा दिया गया और गांगेपरा फीडर भी जल्द शुरू हो जाएगा। विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता प्रमोद राजपूत के अनुसार, संडा खास उपकेंद्र की सभी लाइनों पर कार्य चल रहा है और उन्हें जल्द चालू कर दिया जाएगा।