शाहजहांपुर। पंचायत चुनाव की ड्यूटी के दौरान एक माह की अवधि में कोरोना से जान गंवाने वाले जिले के विभिन्न विभागों के 19 कर्मचारियों के आश्रितों को मुआवजा दिया जाएगा। इस संबंध में प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने तत्संबंधी आदेश देने के साथ राज्य निर्वाचन आयोग को जिन 2020 कोरोना मृतक कर्मचारियों की सूची जारी की है, उनमें जिले के 19 शिक्षक, शिक्षा मित्र, स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर, कर्मचारी और अधिकारी शामिल हैं।
अपर मुख्य सचिव ने आयोग के सचिव को इन कर्मचारियों की कोविड-19 से निर्वाचन ड्यूटी के एक माह की अवधि में हुई मृत्यु की दशा में उनके आश्रितों को अनुग्रह धनराशि के भुगतान किए जाने से संबंधित दिशा-निर्देश निर्गत किए हैं।
उन्होंने बताया कि अनुग्रह धनराशि दिए जाने से संबंधित शासनादेश के आधार पर ऐसे कुल 3092 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अनुग्रह राशि प्राप्त करने की पात्रता रखने का उल्लेख किया गया। इनमें से 2020 आवेदनों पर जिलाधिकारियों से संस्तुति प्राप्त हुई है।
जनपद में डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने जिन मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को अनुग्रह राशि दिए जाने की संस्तुति की है, उनमें बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षामित्र धीरेंद्र कुमार, गुरुपाल, अरविंद कुमार, विनोद कुमार, वागीश चंद्र आर्य व रीता देवी, सहायक अध्यापक ब्रजमोहन सिंह, दिनेश चंद्र, आशाराम, इंचार्ज प्रधान अध्यापक मिथलेश मिश्रा, प्रधान अध्यापक सलीम अहमद, आयुष विभाग में मेडिकल आफिसर डॉ. कृष्णवीर सिंह, पीडब्ल्यूडी में मेट गनपत लाल, गन्ना विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मामचंद, ग्राम्य विकास विभाग में तकनीकी सहायक जितेंद्र गंगवार, पंचायती राज विभाग में सफाईकर्मी सुमन देवी, वाणिज्यकर एवं मनोरंजन विभाग में डिप्टी कमिश्नर विजय कुमार और बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में मुख्य सेविका राजकुमारी और सिंचाई विभाग में नलकूप चालक राजेंद्र शामिल हैं।
अपर मुख्य सचिव ने डीएम को भेजे आदेश में कहा है कि इन सभी के आश्रितों को अनुग्रह धनराशि भुगतान करने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करवाएं।