जलालाबाद में कोलाघाट पुल का निर्माण कार्य का निरीक्षण करते लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद । सं
- फोटो : SHAHJAHANPUR
जलालाबाद। कोलाघाट पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से के चल रहे निर्माण कार्य का शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद ने निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी देते हुए अधिकारियों से कहा कि तय समय में निर्माण पूरा हो जाना चाहिए। जितिन प्रसाद ने पुल के निर्माण तक जनता की सहूलियत के लिए अस्थाई व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।
पिछले साल 29 नवंबर को एक पिलर जमीन में धंसने के बाद कोलाघाट के पुल का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। आवागमन में भारी परेशानी को देखते हुए लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद के निर्देश पर सेतु निर्माण निगम क्षतिग्रस्त हिस्से के निर्माण में लगा हुआ है। नई तकनीक से निर्मित हो रहे पुल के इस हिस्से में दो पिलर बनाए जाएंगे। इनमें पाइलिंग के जरिये सरियों का जाल डाला जाएगा और कंक्रीट भरी जाएगी।
शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे कोलाघाट पुल पर पहुंचे जितिन प्रसाद ने निर्माण में उपयोग की जा रही हर सामग्री का बारीकी से निरीक्षण किया। उत्तर प्रदेश सेतु निगम के अधिकारियों के साथ निरीक्षण करते हुए जितिन ने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी तरह की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता से किए गए वादे के अनुसार पुल निर्माण का कार्य सितंबर तक पूरा हो जाना चाहिए। इसके लिए किसी भी तरह के संसाधन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुल में पहले बने अन्य पिलर की जांच का काम भी जल्द पूरा कराया जाए। इस दौरान मुख्य परियोजना प्रबंधक सतीश कुमार, उप परियोजना प्रबंधक बिजेंद्र मौर्य, अवर अभियंता बद्री प्रसाद व सहायक अभियंता राजकुमार के अलावा कैबिनेट मंत्री के मीडिया प्रभारी विनीत मिश्रा, विश्वदीप अवस्थी, आलोक प्रताप सिंह, भूपेंद्र सिंह, रामू अग्निहोत्री, आशुतोष गुप्ता, मोहित श्रीवास्तव, कमल सक्सेना आदि लोग मौजूद रहे।