शाहजहांपुर। नगर निगम में संभव के तहत मंगलवार को जनसुनवाई की गई। दाखिल-खारिज और मृत्यु प्रमाणपत्र बनने की शिकायतें आना कम नहीं हो रहीं हैं। दो मृत्यु प्रमाणपत्र नहीं बनने और दो दाखिल-खारिज न होने की शिकायतें आईं। मृत्यु प्रमाणपत्र बनवा दिए गए। दाखिल-खारिज के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं।
नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में कुल नौ शिकायतें आईं। इसमें दो का मौके पर निस्तारण किया गया। मोहल्ला बजीरगंज निवासी कन्हैया लाल और मोहल्ला रामनगर कॉलोनी निवासी जगजीत सिंह ने दाखिल-खारिज नहीं होने की शिकायत की, मोहम्मद जई निवासी शाजेब खान और तारीन जलालनगर निवासी लईक ने मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बनने की शिकायत की।
एमनजई जलालनगर में रहने वाले इकराम खां ने स्ट्रीट लाइट सही कराने, बहादुरगंज निवासी प्रमोद मल्होत्रा ने मलबा उठवाने और पानी की पाइप लाइन डलवाने की शिकायत की। जलालनगर निवासी अमर राठौर ने सफाई कराने और स्ट्रीट लाइट सही कराने की, बाबूजई निवासी शाहनबालज खां ने एसीपी का लाभ दिए जाने की मांग की। इस दौरान संयुक्त नगर आयुक्त संगीता कुमारी, सहायक नगर आयुक्त राजकुमार गुप्ता व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।