शाहजहांपुर। श्रीराम चंद्र मिशन, हार्टफुलनेस एजुकेशन ट्रस्ट और यूनेस्को के संयुक्त तत्वावधान में निबंध लेखन प्रतियोगिता के आयोजन की रूपरेखा निर्धारित की गई। इसको लेकर शाहजहांपुर केंद्र की बैठक रवींद्र कुमार सिन्हा के आवास पर हुई।
स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए प्रशिक्षक दीपक त्यागी ने बताया कि इस वर्ष भी श्रीराम चंद्र मिशन हार्टफुलनेस एजुकेशन ट्रस्ट व यूनेस्को के संयुक्त तत्वावधान में ‘दयालुता’ स्वयं के प्रति, दूसरों के प्रति या पर्यावरण के प्रति विषय पर विश्व स्तरीय निबंध लेखन प्रतियोगिता कराई जा रही है। यह प्रतियोगिता भारत में हिंदी, अंग्रेजी, तामिल, तेलगू, बांग्ला सहित 14 भाषाओं में हो रही है।
हर्ष अग्रवाल ने बताया कि इस बार 14 से 18 व 19 से 25 दो आयु वर्ग में प्रतियोगिता होगी। दोनों श्रेणी में क्रमश: 500 और 750 शब्दों की सीमा निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता का प्रारूप पूर्ण रूप से ऑनलाइन है। प्रातिभागियों को अपना निबंध संस्था की वेबसाइट पर भेजना होगा। प्रतियोगिता की अंतिम तारीख 30 अक्तूबर है।
सुयश सिन्हा ने कहा कि इस बार हमें प्रतियोगिता के नए प्रारूप व निबंध के विषय बारे में विद्यालयों में जाकर बताने की आवश्यकता है। इस दौरान प्रशिक्षक आनंद मिश्रा, सुनीता सिन्हा, ब्रह्माशंकर शर्मा, प्रवेश मिश्रा, सुधा सिंह, संजीव मिश्रा, सुंदर अग्रवाल, प्रवीण वाजपेयी, राजी सिन्हा, सुरेंद्र मोहन, लक्ष्य वाधवानी आदि मौजूद रहे। संवाद