तिलहर के भक्सी तिराहा पर बेतरतीब खड़े वाहनों की वजह से बनी जाम की स्थिति। संवाद
तिलहर। लखनऊ-दिल्ली हाईवे के भक्सी तिराहे पर मंगलवार को बाजार लगने से वहां से निकलने वाले लोग सुबह से शाम तक जाम से जूझते रहे। हालांकि, वहां पुलिस पिकेट की ड्यूटी लगाई गई, लेकिन वाहनों की भरमार के आगे वह बेबस नजर आए।
भक्सी तिराहे पर हर मंगलवार को बाजार लगने से वहां के फुटपाथ दिन भर दुकानदारों से घिरे रहते हैं। इससे वहां हाईवे पर निकलने वाले वाहनों की रफ्तार भी कम हो जाती है। तिराहे के आसपास सवारियां मिलने के लालच में तमाम ई-रिक्शा भी आड़े-तिरछे खड़े रहते हैं। यही हालात मंगलवार सुबह दस बजे के बाद से बने तो तिराहे पर आवागमन में रुकावट पड़ने लगी। एसआई जयप्रकाश भारती का कहना है कि भक्सी तिराहा पर जाम की समस्या खत्म करने के लिए पुलिस एवं होमगार्ड के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। संवाद