शाहजहांपुर में रोजा-सीतापुर ब्रांच लाइन के बीच रेलवे क्रॉसिंग पर फंसी कंबाइन को हटाती जेसीबी
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। रोजा-सीतापुर के बीच ब्रांच लाइन पर रेलवे क्रॉसिंग पर कंबाइन फंसने से डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर कंबाइन को कब्जे ले लिया। कंबाइन मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
पड़रा सिकंदरपुर गांव के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर सोमवार को सुबह आठ बजे गेहूं काटने वाली कंबाइन फंस गई। इसी बीच अप व डाउन दोनों लाइन पर ट्रेनों के आने का संकेत हुआ तो गेटमैन की नजर कंबाइन पर पड़ी। गेटमैन ने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर और कंट्रोल को दी। कंट्रोल के आदेश पर दोनों ओर से आने वाली ट्रेनों को पीछे के स्टेशनों पर रोक दिया गया। कुछ ही देर में आरपीएफ व जीआरपी मौके पर पहुंच गई और क्रेन की मदद से कंबाइन को रेलवे ट्रैक से हटवाया। करीब डेढ़ घंटे बाद रेलवे ट्रैक पर रेल यातायात सुचारु हो पाया।
कंपनी कमांडर ताराचंद मीणा ने बताया कि पड़रा सिकंदरपुर के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग के गेट को साल 2015 में रेल प्रशासन की ओर से बंद कर दिया गया था। गांव वाले जबरन इस गेट से निकल रहे हैं। सोमवार को सुबह कंबाइन का पहिया निकलने की वजह से रेलवे यातायात बाधित हो गया था। कंबाइन को कब्जे में लेकर बंजरियापुर गांव में खड़ा करा दिया गया और दो जवानों की ड्यूटी लगा दी गई है।
समय रहते सूचना से टला बड़ा हादसा टला
कंबाइन फंसने से बड़ा हादसा हो सकता था, जोकि समय रहते सूचना दिए जाने से टल गया। कंबाइन से टकराकर ट्रेन पटरी से भी उतर सकती थी। गेटमैन की सूझबूझ ने बड़ा हादसा होने बचा लिया। बताया जाता है कि इसी गेट पर काफी समय पहले मजदूरों को लेकर टेंपो जा रहा था। ट्रेन से टकराने पर सात लोगों की मौत हो गई थी। कई लोग घायल हुए थे। उसी समय से यह गेट बंद कर दिया गया था और अंडर सबवे बना दिया गया था।