शाहजहांपुर। शासन के निर्देश पर व्यापारियों का जीएसटी पंजीयन बढ़ाने की गरज से बीते दिन उनके साथ सहयोगात्मक बैठक कर चुके वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को उनके खिलाफ सख्त तेवर अपना लिए। देर शाम बरेली से यहां पहुंचीं विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) की प्रभारी उपायुक्त नीला श्रीवास्तव के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने बैटरी व्यवसाय से जुड़े शहर और जमौर के पांच प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर वहां से तमाम संदिग्ध अभिलेख जब्त किए।
अधिकारियों का अनुमान है कि संबंधित कारोबारियों ने लाखों रुपये की कर चोरी की है। वाणिज्य कर अधिकारियों की टीम ने पहले शहर के कई प्रतिष्ठानों पर धावा बोला। कनौजिया अस्पताल के पास बैटरी बनाने और बेचने का कारोबार करने वाली दो फर्मों पर छापा मारा। अधिकारियों के अनुसार वहां की मेसर्स आरके मेटल और मेसर्स आरके बैटरीज से तमाम ऐसे अभिलेख कब्जे में लिए, जिनसे लाखों के कर अपवंचन का संदेह गहरा हो गया है।
छानबीन से पता चला कि आरके मेटल वालों का एक अतिरिक्त व्यापार स्थल शहर के बाहर जमौर में भी है, लेकिन वहां जाकर जांच किए जाने पर कुछ नहीं मिला। इसी टीम ने तारीन बहादुरगंज साबिर कादिर बैटरीज और जमौर में मेसर्स एसके ब्रदर्स और मेसर्स एसके इंडस्ट्रीज पर छापे मारकर वहां से भी अभिलेख कब्जे मेें लिए और स्टॉक भी चेक किया।
एसआईटी प्रभारी नीला श्रीवास्तव के अनुसार यह दोनों फर्में बैटरी और उसमें इस्तेमाल होने वाले लेड इंगेट (सिल्ली) बनाती है। उनका कहना है कि अभिलेखों की विस्तृत जांच से पता चलेगा कि जीएसटी मद में कितना कर अपवंचन किया गया है, लेकिन यह धनराशि कई लाख रुपये होने का अनुमान है। छापा कार्रवाई में सहायक आयुक्त (वाणिज्य कर) सुशील कुमार गौतम समेत कई अधिकारी शामिल रहे।