आधीरात के बाद तक आतिशबाजी से गूंजता रहा आसमान
विधि विधान से हुआ श्री गणेश-लक्ष्मी का पूजन, घर-घर सजी आकर्षक रंगोली
मिठाई और उपहार बांटकर लिया बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद
ज्योति पर्व दिवाली का जश्न पूरे जनपद में शबाब पर रहा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने पारंपरिक ढंग से शुभ मुहूर्त में श्री गणेश जी, लक्ष्मी जी और कुबेर जी का पूजन कर सुख- समृद्धि की कामना की। दिवाली के अवसर पर कई दिन पहले से ही घरों और प्रतिष्ठानों पर बिजली की रंग- बिरंगी झालरों से सजावट की गई। पूजन के बाद दीपक जलाकर घर- आंगन को प्रकाशित किया गया। बाद में बच्चों और बड़ों ने आतिशबाजी की। दिवाली के अवसर पर घर-घर आकर्षक रंगोली भी सजाई गई।
दिवाली पर सुबह से बाजार में गहमागहमी रही। लोगों ने आतिशबाजी, खील-खिलौनों, पूजन सामग्री, फूल-हार, गणेश-लक्ष्मी और कुबेर जी की मूर्तियों की खरीददारी की। मिष्ठान की दुकानों पर जबरदस्त भीड़ जुटी रही। दोपहर से लेकर शाम तक प्रतिष्ठानों में गणेश-लक्ष्मी का पूजन किया गया, इसके बाद शाम छह बजे के बाद घरों में लोगों ने विधि-विधान से पूजन किया। पूजन के बाद पड़ोसियों और नाते-रिश्तेदारों को मिठाई और खील-खिलौनों का आदान-प्रदान कर बड़े- बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। पूजन के बाद सभी ने आतिशबाजी का आनंद लिया। दिवाली पर आसमान रंग बिरंगी रोशनी से नहाया हुआ दिखा।
आतिशबाजी के जश्न के बाद सभी ने घर में लजीज व्यंजनों का आनंद लिया। बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ बाजार की सजावट देखने भी निकले। रंग-बिरंगी रोशनी से बाजार और गली-कूंचे जगमगा रहे थे।