शाहजहांपुर। जिले के डिग्री कॉलेजों में परास्नातक के प्रवेश चार सितंबर तक होंगे। जबकि स्नातक में पंजीकरण की प्रक्रिया समाप्त हो गई। हालत ये है कि इस वर्ष कॉलेजों में परंपरागत कक्षाओं की सीटें तक नहीं भर पाईं हैं। इसके अतिरिक्त व्यावसायिक कक्षाओं की सीटें मेरिट सूची जारी होने के बाद फुल हो गईं थी, साथ ही कक्षाएं भी शुरू कर दी गईं हैं।
बारहवीं का रिजल्ट आने के बाद कॉलेजों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू की गई थी। कई बार पंजीकरण व प्रवेश की तिथियों में इजाफा होने के बावजूद बीए समेत परंपरागत कक्षाओं की सीटें नहीं भर पाईं हैं। जीएफ कॉलेज में दो हजार सीटों में 11 सौ ही प्रवेश हुए हैं। बीएससी बायो में सीटें भर गईं हैं। जबकि बीएससी गणित में मात्र 125 ही प्रवेश हुए हैं।
इसी तरह परास्नातक में बॉटनी में 30, कैमिस्ट्री में करीब 28 व इकनामिक्स में करीब 40 प्रवेश हुए हैं। इसके अतिरिक्त व्यावसायिक कक्षाओं की बीबीए, बीसीए और माइक्रोबॉयोलॉजी की सीटें भर गईं हैं। स्नातक और परास्नातक की प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। वहीं व्यावसायिक की कक्षाएं भी शुरू हो गईं हैं। जीएफ कॉलेज के प्राचार्य मोहसिन हसन खां ने बताया कि सेमेस्टर प्रक्रिया होने के चलते कक्षाओं को शुरू करा दिया गया है।