शाहजहांपुर में भाई दूज पर रोडवेज स्टेशान पर बस जाने को लगी यात्रियों की भीड़। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। भैया दूज पर रोडवेज बसों में जबरदस्त भीड़ रही। इस कारण महिलाओं को सफर के दौरान रोडवेज बसों में चढ़ने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी। उधर, ट्रेनें भी पूरी तरह फुल रहीं। हालांकि रिजर्वेशन की व्यवस्था लागू होने से यात्रियों को ज्यादा दिक्कत नहीं हुई।
परिवहन निगम के अधिकारियों ने भैया दूज पर अतिरिक्त बसें चलाने और लोकल रूट पर फेरे बढ़ाने का दावा किया था। उनका यह दावा शनिवार को हवा-हवाई साबित हो गया। रोडवेज बस स्टैंड पर दिनभर यात्री बदहाली से जूझते रहे। रोडवेज पर लोगों को घंटों बैठकर बसों का इंतजार करना पड़ा। अफरा तफरी में कई यात्रियों का कीमती सामान भी छूट गया। यानी भैया दूज पर जिम्मेदारों की लापरवाही का खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ा। ट्रेनों में सामान्य टिकट और रोडवेज बस में सीट न मिलने की वजह से लोगों को डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ा। यात्रा के दौरान सबसे अधिक दिक्कतें महिलाओं और बच्चों को उठानी पड़ी।
रोडवेज बसें कम पड़ने के चलते काफी देर इंतजार के बाद भी यात्रियों को बस में जगह पाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। बस में अपनी सीट घेरने के लिए लोग अपने छोटे बच्चों को खिड़की से ही अंदर धकेलते नजर आए। कुछ यात्री खुद भी खिड़की से बस के अंदर घुसते दिखे। बदहाली और मुश्किल के बीच जोखिम का सफर तय कर बमुश्किल यात्री अपने गंतव्य तक पहुंच सके। भैया दूज पर हर तरफ भीड़ दिखाई दी।
फर्श पर बैठने को मजबूर हुए यात्री
रोडवेज बस स्टैंड पर बसों का इंतजार करने के लिए यात्रियों को खड़े होकर या फिर फर्श पर बैठकर समय बिताना पड़ता है।
रोडवेज पर यात्रियों को बैठने के लिए केवल बेंच हैं। शनिवार को एक बेंच पूछताछ केंद्र के पास पड़ी थी, जिस पर महिला पुलिस कर्मी बैठी थी। दूसरी बेंच बस अड्डे परिसर में कर्मचारियों के वाहन खड़े होने वाले स्थान पर पड़ी थी, जिस पर कुछ लोग बैठे थे। तीसरी बेंच पर कुछ महिला यात्री बैठी थीं। भैया दूज होने के कारण शनिवार को यात्रियों की जबरदस्त भीड़ रही। इसकी वजह से यात्रियों को फर्श पर ही बैठने को मजबूर होना पड़ा।
निगोही के कैमुआ नदी पुल पर लगा जाम में फंसे लोग। संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR