शाहजहांपुर। प्रदेश की जेलों मेें निरुद्ध 60 वर्ष और इससे अधिक आयु वाले ऐसे बुजुर्ग कैदियों को गणतंत्र दिवस पर रिहाई मिलेगी, जिनका आचरण अच्छा होगा। यह जानकारी रविवार को रोजा मंडी समिति के अतिथि गृह में स्वागत कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के कारागार एवं लोक सेवा प्रबंधन राज्यमंत्री जय कुमार सिंह जैकी ने दी। इस मौके पर अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष अयोध्या प्रसाद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया।
लखनऊ से बरेली जाते वक्त कारागार राज्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं के अनुरोध पर कुछ देर रोजा मंडी के गेस्ट हाउस में रुके। इस मौके पर उन्होंने अपना दल (एस) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक में कहा कि वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को अब सिर्फ एक वर्ष बचा है। इसलिए वह चुनाव की तैयारी के लिए अधिक से अधिक लोगों से संपर्क बढ़ाएं और जनता की समस्याएं सुनकर उनका सक्षम अधिकारियों से निराकरण कराएं। इससे लोगों में पार्टी के प्रति विश्वास बढ़ेगा और चुनाव में जनाधार बढ़ेगा।
बाद में पत्रकारों से मुखातिब होकर उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदेश की जेलों में बंद ऐसे बुजुर्ग बंदियों की गणतंत्र दिवस पर रिहाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिनकी आयु 60-65 वर्ष से अधिक है और जेल में कैदी के तौर पर उनका आचरण अच्छा रहा है। इस मौके पर पार्टी के मीडिया प्रभारी रामजी गुप्ता ने कहा कि जिला कारागार में बंद कैदियों से उनके परिजनों को मुलाकात करने में कठिनाई हो रही है। इस पर कारागार राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की कई कारागारों में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बंदियों और कैदियों से मुलाकात पर कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
उनके स्वागत में अपना दल (एस) के वरिष्ठ नेता ओमकार सिंह पटेल, शिवनंदन सागर, प्यारे लाल पटेल, कमलकांत, रामऔतार, बालिस्टर, शमसुल हसन, आरडी लाल वर्मा, डॉ. ओमपाल गंगवार, राजेंद्र प्रसाद सक्सेना, प्रमोद सक्सेना, देवेंद्र पटेल, अवधेश पटेल, ऋषभ गंगवार, नीरज पटेल, ज्ञान प्रकाश आदि शामिल रहे। बाद में कारागार राज्यमंत्री ने जिले के पदाधिकारियों के साथ तिलहर और कटरा में भी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कीं और चुनाव से पहले सभी इकाइयां मजबूत कर उनकी बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए।