शाहजहांपुर। लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। शनिवार दोपहर रोजा ओवरब्रिज पर दो वाहनों के आमने-सामने आने से वाहनों का संचालन बंद हो गया, जिसकी वजह से करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। इसके बाद भी काफी देर तक वाहन रेंगते रहे। इस दौरान राहगीर खासे परेशान रहे।
नेशनल हाईवे पर रोजा में स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर वन-वे ट्रैफिक गुजर पाता है। पुल संकरा होने की वजह से वहां अक्सर जाम लग जाता है। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे शाहजहांपुर से हरदोई की तरफ जा रही डीसीएम रोजा ओवरब्रिज पर पहुंची। उसी समय हरदोई की तरफ से आ रहा कंटेनर रोजा पुल पर चढ़ गया। दोनों चालक जल्दबाजी की वजह से आगे बढ़ते चले गए। बराबर में पहुंचकर दोनों वाहन फंस गए, जिससे वाहनों का संचालन बंद हो गया। कुछ ही देर में दोनों तरफ वालों की लाइनें लग गईं। इसका पता लगने पर पुलिस मौके पर जा पहुंची। इसके बाद वाहनों को इधर-उधर कराकर कंटेनर को पीछे हटवाया। मगर तब तक जाम भयंकर हालात में पहुंच चुका था। पुलिस करीब एक घंटे बाद वाहनों का संचालन शुरू हो सकी। तब कहीं तब जाकर राहगीरों को राहत मिली।