शाहजहांपुर। शहर के वार्डों से निकलने वाले कूड़े के निस्तारण के लिए ककरा में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट लगना है, जिसका काम एजी डॉटर्स कंपनी को सौंपा गया है। अभी तक इस प्लांट को लगवाने की जिम्मेदारी नगर निगम के पास थी, लेकिन अब कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएनडीएस) को सौंप दिया गया है। हालांकि इस प्लांट को लगाने में सरकार को कोई पैसा खर्च नहीं करना होगा, जिस कंपनी कंपनी द्वारा प्लांट लगाया जाएगा वही इसका खर्च भी उठाएगी। नगर निगम ने प्लांट को लगाने के लिए जमीन उपलब्ध करा दी है।
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को लगाने की प्रक्रिया साल 2019 के जनवरी महीने में शुरू हुई थी। तत्कालीन नगर आयुक्त विद्याशंकर सिंह और एजी डॉटर्स कंपनी के निदेशक अजय गिरोत्रा ने एग्रीमेंट पर साइन किए थे। इससे पहले साल 2018 के नवंबर माह में कंपनी के सदस्यों द्वारा प्लांट को लगाने के लिए ककरा स्थित जमीन का निरीक्षण किया गया। जहां पर शहर से निकलने वाले कूड़े को डंप किया जाता है। इस प्लांट को लगाने के लिए नगर निगम की ओर से 1.045 हेक्टेयर जमीन कंपनी को उपलब्ध कराई गई है। लेकिन केंद्र सरकार से एनओसी न मिल पाने के कारण यह प्लांट अभी तक स्थापित नहीं हो पाया है। नगर निगम के अधिकारियों मुताबिक आने वाले महीनों में प्लांट को स्थापित किए जाने का काम कंपनी द्वारा शुरू कर दिया जाएगा।
प्लांट में कूड़े से बनेगी खाद और बिजली
कूड़े का निस्तारण कर खाद, बिजली, पानी और गैस बनाई जाएगी। कूड़े में मॉश्चर होता है। उस मॉश्चर को बदलकर मिनरल वॉटर बनाया जाएगा। इसी तरह बिजली का निर्माण भी कूड़े से करने की तैयारी की गई है। कूड़े से कुकिंग गैस भी बनाई जाएगी। गैस बनने के बाद किस तरह से सप्लाई दी जाएगी, फिलहाल अभी कुछ तय नहीं हुआ। कूड़े को रिसाइकिल करने के बाद बचने वाली मिट्टी को खाद के रूप में प्रयोग किया जाएगा।
तीन एकड़ जमीन पर लगेगा साढ़े चार सौ करोड़ का प्रोजेक्ट
बताया जाता है कि इस प्रोजेक्ट के लिए तीन एकड़ (1.045 हेक्टेयर) जमीन की जरूरत पड़ेगी। जोकि ककरा इलाके में नगर निगम की ओर से उपलब्ध कराई गई है। जिसकी नपाई पहले ही हो चुकी थी। अब इस जमीन को सुरक्षित करने के लिए नगर निगम की ओर से बाउंड्रीवाल करवाई जाएगी। प्रोजेक्ट लगाने में कंपनी साढ़े चार सौ करोड़ रुपये खर्च करेगी।
12 महीने में पूरा होना था काम, नहीं हो सका शुरू
प्लांट को लगाने का काम दिसंबर 2019 में शुरू होना था, लेकिन केंद्र सरकार से एनओसी न मिल पाने के कारण यह अभी तक नहीं हो पाया। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि अब कंपनी केे एनओसी प्राप्त हो गई है। जल्द ही इस प्लांट को लगाने के लिए काम शुरू हो जाएगा।
खलौली गांव में भी देखी गई जमीन
प्लांट को लगाने के लिए ककरा में जमीन को चिह्नित किया गया है। इसके साथ ही ददरौल ब्लॉक को जाने वाली रोड पर खलौली गांव में भी जमीन देखी गई है। जहां पर प्लांट की दूसरी इकाई को लगाया जाएगा। दरअसल, कूड़ा निस्तारण की कई पद्घति हैं, खाद और बिजली बनाने की दोनों पद्घति एक साथ चल नहीं सकती है। इसलिए एक जगह कूड़े से बिजली और दूसरी जगह कूड़े से खाद बनाने का प्लांट लगेगा। वहां की बाउंड्रीवाल कराने का प्रस्ताव भी नगर निगम की ओर से रखा गया है। दोनों जमीनों को अपनी सुरक्षा में लिया जाएगा।
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को स्थापित करने का काम एजी डॉटर्स कंपनी को दिया गया है। जो जल्द ही इस पर काम शुरू कर देगी। वहीं इसको लगवाने की जिम्मेदारी सीएनडीएस को दे दी गई है। नगर निगम प्लांट लगाए जाने वाली जगह पर बाउंड्रीवाल कराने का काम करेगी, जिससे उसकी सुरक्षा हो सके।
- संतोष शर्मा, नगर आयुक्त शाहजहांपुर।