शाहजहांपुर। रोजा में शनिवार सुबह विद्युत उपकेंद्र में दस एमवीए के ट्रांसफार्मर आग लगने से चार फीडरों की बिजली गुल हो गई थी। शाम को दूसरे ट्रांसफार्मर से जोड़कर बिजली सप्लाई शुरू की गई। रविवार सुबह नया ट्रांसफार्मर पावर हाऊस पहुंचा, जिसको बिजली विभाग के कर्मचारी बदलवाने में जुटे रहे। इस दौरान उपकेंद्र के सभी फीटर पूर्वाह्न 11 बजे से शाम तक बंद रहे। देर शाम बिजली सप्लाई शुरू हो सकी।
शनिवार की सुबह रोजा पावर हाउस में स्विच यार्ड में लगे दस एमवीए के एक नंबर ट्रांसफार्मर में आग लग गई थी। पावर हाउस में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां व रोजा थर्मल पावर की एक गाड़ी मौके पहुंची। करीब दो घंटे की मशक्कत के बीच दमकल कर्मियों द्वारा केमिकल मिलाकर पानी की बौछार की, तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। इस बीच चार फीडरों की बिजली सप्लाई बंद रही। देर शाम को दूसरे ट्रांसफार्मर से जोड़कर बिजली सप्लाई शुरू कर दी गई थी। जबकि रविवार सुबह दस एमवीए का ट्रांसफार्मर लखनऊ से आया। शाम तक विभागीय कर्मचारी ट्रांसफार्मर को बदलने में जुटे रहे, जिसके कारण विद्युत उप केंद्र के सभी फीडर शाम तक बंद रहे। देर शाम को बिजली सप्लाई दूसरे ट्रांसफार्मर से शुरू हो पाई।