ईवीएम मशीनों को रोजा मंडी के सेंट्रल वेयर हाउस में विधानसभा वार बनाए गए स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। सुरक्षा के तौर पर एक कंपनी सीआईएसएफ के जवानों को तैनात किया गया है। बृहस्पतिवार को आब्जर्वर ने ईवीएम मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सुरक्षा की दृष्टि से स्ट्रांग रूम के चारो ओर वॉच टावर भी बनाए गए। सीसीटीवी कैमरों से भी स्ट्रांग रूम की निगरानी की जा रही है। मंडी के अंदर चौराहा के पास से ही स्ट्रांग रूम की ओर किसी को भी आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। मंडी मेन गेट पर भी सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। जिले की 2325 बूथों पर संपन्न हुए मतदान के बाद इतनी ही ईबीएम मशीनों व मतदान की अन्य सामग्री को सील करके स्ट्रांग रूम में पहुंचाने की प्रक्रिया बुधवार रात 12 बजे तक चलती रही। इस दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में कड़ी सुरक्षा के साथ ईवीएम मशीनों को रखा गया। 11 मार्च को मतगणना वाले दिन ही ईवीएम मशीनों को खोला जाएगा। तब तक इन मशीनों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया।