फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चुनाव के बाद पटरी पर लौटी नेताजी की दिनचर्या

Thu, 16 Feb 2017 11:50 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला शाहजहांपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
विधानसभा चुनाव के लिए मतदान निपटने के बाद प्रत्याशी अब रेस्ट मोड में आ गए हैं। एक दिन पहले तक जनसंपर्क के लिए जो प्रत्याशी तड़के चार बजे बिस्तर छोड़कर नित्य क्रियाओें में तल्लीन हो जाते थे, बृहस्पतिवार को उनकी आंख तब खुली, जब दिन काफी चढ़ चुका था। प्रत्याशियों ने नामांकन के बाद से लेकर मतदान होने तक क्षेत्र के मतदाताओं से रू-ब-रू होने में दिनरात एक कर दिया। इस दौरान प्रत्याशी खाना-पीना भी एक तरह से भूल ही गए। मतदान के दौरान उनकी मेहनत चरम पर पहुंच गई। वोट पड़ने के बाद देर रात तक रोजा मंडी के स्ट्रांग रूम में सील्ड ईवीएम अपने सामने रखवाने के बाद प्रत्याशी देर रात घरों को लौटकर सोए। सुबह उनकी नींद टूटी, तब तक सूरज सिर पर चढ़ आया था। मतदान के बाद प्रत्याशियों की दिनचर्या का अमर उजाला टीम ने जायजा लिया-
विज्ञापन

राज्यमंत्री राममूर्ति ने आराम करते गुजारा दिन
राज्यमंत्री राममूर्ति सिंह वर्मा ने ददरौल सीट से सपा प्रत्याशी बनाए जाने के बाद अपनी जीत पक्की करने के लिए क्षेत्र को मथने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सुबह साढ़े चार-पांच बजे तक बिस्तर छोड़ देना उनकी आदत में शुमार है, लेकिन मतदान के बाद चुनाव की थकान उनके सिर चढ़कर बोल रही है। सभी ईवीएम सील होकर रोजा मंडी के स्ट्रांग रूम में जमा होने के बाद देर रात घर लौटे और हल्का भोजन करके बिस्तर पर निढाल हो गए। गुरुवार दोपहर इंदिरानगर स्थित उनकी कोठी पर पहुंचे तो राज्यमंत्री चाय से भरा स्टील का गिलास हाथ में थामे समर्थकों से घिरे दिखे। पास बैठे कार्यकर्ताओं से उन्होंने कुछ खास बूथों पर मतदान की रिपोर्ट ली। 
राहुल की सभा में शिरकत के लिए लहरपुर रवाना हुए जितिन प्रसाद को तिलहर सीट से सपा-कांग्रेस गठबंधन ने प्रत्याशी बनाया। चुनाव के दौरान उन्होंने बिना आराम किए मतदाताओं से मिलने-जुलने और अपनी बात कहने में कोई कसर बाकी नहीं रखी। अपना चुनाव निपटने के बाद भी उन्हें फुर्सत नहीं मिल पाई। बुधवार को मतदान के बाद शाम करीब छह बजे जितिन अपने आवास पर लौट आए और पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों से विचार विमर्श कर मतदान की स्थिति का आकलन किया। रात करीब 11 बजे खाना खाकर बेडरूम में पहुंचे और सुबह छह बजे उठ गए। कैंप कार्यालय सचिव राजीव सिंह और मीडिया प्रभारी विनीत मिश्र ने इस बीच वहां पहुंचे कई समर्थकों की उनसे मुलाकात कराई। सुबह करीब दस बजे कांग्रेस जितिन सीतापुर के लहरपुर में राहुल गांधी की रैली के लिए कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र दीक्षित, मनोज त्रिपाठी आदि के साथ रवाना हो गए। 
विज्ञापन

तनवीर ने घर में लगाई कार्यकर्ताओं की चौपाल
चुनाव की थकान शहर सीट से सपा प्रत्याशी तनवीर खां के चेहरे से साफ झलक रही है। बुधवार को मतदान का पूरा दिन भारी व्यस्तता में बिताने के बाद देर रात घर लौटे। खाना खाने के बाद इतनी गहरी नींद आई कि दोपहर बाद उनकी आंख खुली। शहर में एक समर्थक परिवार में मौत की सूचना दिए जाते ही उठ बैठे। घर के बाहरी हिस्से के बेसमेंट में बने हॉल में पहुंचे तो वहीं पर कार्यकर्ताओं की चौपाल लगा ली। चुनाव को लेकर बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं के दावे सुनते हुए बार-बार उबासियां लेते रहे। बाद में शहर के भ्रमण पर रवाना हो गए। 
मानवेंद्र ने दोपहर बाद खाया सुबह का खाना
ददरौल क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी मानवेंद्र सिंह पर भी चुनाव की खुमारी हावी है। थकान उतारने के लिए वह निर्धारित दिनचर्या के विपरीत सुबह देर तक सोए। दोपहर बाद 3.30 बजे उनके आवास पर पहुंचने पर वह बाहर के कमरे में भोजन करते मिले। बोले, सुबह से मिलने वालों के आने का सिलसिला शुरू हो जाने से भोजन करने का समय नहीं मिल पाया। हालांकि, उस वक्त भी उनके पास भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बलवीर सिंह के बेटे और पुवायां के पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनुराग सिंह और अन्य कई लोग बैठे मिले। 
राजभवन में समर्थकों के साथ खन्ना की गपशप
शाहजहांपुर। शहर सीट से भाजपा प्रत्याशी सुरेश खन्ना की चुनाव बाद दिनचर्या में कोई खास बदलाव नहीं आया। खन्ना बताते हैं कि मतदान के दिन वह थक गए थे, लिहाजा बुधवार रात करीब 11 बजे सो गए। सुबह रोज की तरह छह बजे उठे और दैनिक क्रियाओं से निवृत्त होकर टहलने के लिए हनुमतधाम पहुंच गए। वहां कुछ समर्थक मिल गए। चुनावी चर्चा के साथ ही वह दीवान जोगराज स्थित आवास पर आ गए। वहां भी तमाम समर्थक और सहयोगी मौजूद थे। बातचीत के बीच दोपहर 12 के आसपास स्नान करने का मौका मिल पाया। भोजन के बाद अपने राजभवन कार्यालय पहुंच गए। यहां दिनभर शुभचिंतकों का तांता लगा रहा। बूथवार समीक्षा के साथ ही सभी के प्रति आभार जताते हुए उन्होंने वहां मौजूद लोगों को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया। शाम को वह एक वैवाहिक कार्यक्रम में पहुंच गए।  
कार्यकर्ताओं से घिरे रहे अवधेश वर्मा 
शाहजहांपुर। तिलहर विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी अवधेश वर्मा की दिनचर्या में कोई खास बदलाव नहीं आया। वह रोजाना की तरह बृहस्पतिवार को भी सुबह छह बजे सोकर उठे। कुछ देर बाद सेठ इंकलेव स्थित आवास पर बसपा कार्यकर्ताओं का आना शुरू हो गया। सुबह नौ बजे तक कार्यकर्ताओं के बीच चुनाव को लेकर चर्चा होती रही। इसके बाद पूरे दिन आराम किया। शाम को कार्यकर्ता फिर से मिलने आए तो उन लोगों से भी चुनाव को लेकर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं द्वारा चुनाव में जो मेहनत की गई, उनका धन्यवाद किया। 
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें