भावलखेड़ा की न्याय पंचायत चौढ़ेरा के प्राथमिक स्कूल में शिक्षा चौपाल में बच्चों को पुरस्कृत कर
शाहजहांपुर। भावलखेड़ा की न्याय पंचायत चौढ़ेरा के प्राथमिक स्कूल में शिक्षा चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें मेधावी छात्र-छात्राओं व शिक्षकों को सम्मानित किया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समा बांध दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बीईओ भावलखेड़ा विनय मिश्रा ने दीप जलाकर किया। बच्चों ने मां सरस्वती की वंदना, स्वागत गीत व अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम में न्याय पंचायत के परिषदीय विद्यालयों में कक्षा पांच व आठ में प्रत्येक विद्यालय से प्रथम स्थान प्राने वाले मेधावियों को पुरस्कृत किया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का भी मान बढ़ाया। बीईओ ने कहा कि निपुण भारत मिशन केवल एक योजना नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य को संवारने का सशक्त अभियान है। डॉ. विमलेश त्रिपाठी के संचालन में हुए कार्यक्रम में ग्राम प्रधान गीता देवी, सुशीला देवी, एआरपी नितेंद्र शर्मा, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, जूनियर हाईस्कूल शिक्षा संघ के मंडल अध्यक्ष दिनेश गंगवार आदि मौजूद रहे। संवाद