तिलहर। बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता ने मंगलवार को सुबह करीब नौ बजे अचानक यहां आकर कस्तूरबा विद्यालयों सहित कई स्कूलों का जायजा लिया। इस दौरान कस्तूरबा स्कूल की तीन शिक्षक गैरहाजिर मिलने पर नाराजगी जताते हुए उनका स्पष्टीकरण तलब किया।
बीएसए ने सबसे पहले मोहल्ला इमली के ग्रामीण कस्तूरबा विद्यालय की व्यवस्थाएं जांंचीं। वहां की तीन शिक्षक अनुपस्थित मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्रधानाचार्य को उनका स्पष्टीकरण लेने और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बाद में उन्होंने नगरीय कस्तूरबा विद्यालय जाकर छात्राओं को दिए जा रहे भोजन, रसोई व्यवस्था और संबंधित अभिलेखों की गहन जांच की।
मोहल्ला इमली के कंपोजिट विद्यालय में वहां के अभिलेखों, मिड-डे मील योजना और रसोई व्यवस्था की जांच की। साथ ही प्रधानाचार्य और शिक्षकों के साथ बैठक कर शैक्षिक गुणवत्ता और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से सवाल पूछकर उनकी शैक्षिक स्थिति का भी आकलन किया। इसी क्रम में उन्हाेंने मोहल्ला मौजमपुर के कंपोजिट विद्यालय का जायजा लिया और कुछ कमियां पाए जाने पर प्रधान अध्यापक को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। संंवाद