कमलेश कुमारी का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
मिर्जापुर । फर्रुखाबाद जिले के थाना जहानगंज के अभयपुर नगरिया निवासी कमलेश कुमारी (58 वर्ष) की बाइक से गिरने से मौत हो गई। सड़क पर अचानक बच्चा आ जाने से उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई थी।
कमलेश अपने पति मुनीम के साथ जेठ के बेटे की बरात में शामिल होने पपियापुर (फर्रुखाबाद) में गई थीं। वहां उनकी बेटी से मुलाकात हुई। बेटी के जिद करने पर अपने पति के साथ उसके घर शाहजहांपुर में जाने के लिए चल दीं। मिर्जापुर में बदायूं-मुरादाबाद स्टेट हाईवे पर गुलाबनगर गांव के पास अचानक सड़क पर बच्चा आ गया। उसे बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित हो गई। हादसे में कमलेश कुमारी सड़क पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सिर में चोट लगने से जरियनपुर सीएचसी में डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया है। उनके पति को चोट नहीं आई है। संवाद