सेहरामऊ दक्षिणी। हसुआ जाजू गांव अपनी ननिहाल आए थाना मदनापुर क्षेत्र के नरहा गांव निवासी रामू के पांच वर्षीय बेटे अंशू की शनिवार शाम नहाने के दौरान सड़क किनारे आठ फुट गहरी पानी से भरी खंती में डूबने से मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, अंशू अपनी मां पुष्पा देवी के साथ करीब एक माह पूर्व अपनी ननिहाल नाना सर्वेश के घर आया था। शनिवार की शाम घर से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर निर्माणाधीन सड़क किनारे खंती में भरे बारिश के पानी में अंशू गांव के बच्चों के साथ नहा रहा था। इस दौरान गहराई में जाने से वह डूबा तो बच्चों ने गांव जाकर परिजनों को बताया। इसके बाद गांव के लोग दौड़ पड़े। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद खंती से अंशू को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि बच्चे की डूबने से मौत हुई है। संवाद
शारदा नहर में उतराता मिला किशोरी का शव
सिंधौली। बलेटू गांव के लापता किशोर आमिर की तलाश में जुटी एसडीआरएफ की टीम को शनिवार शाम शारदा नहर में एक शव उतराता दिखा। उसे बाहर निकालने पर शव किसी किशोरी का निकला। उसकी उम्र करीब 13 साल के आसपास है। शव करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि पुलिस शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। संवाद