शाहजहांपुर। मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने अमृत योजना के तहत शहर में निर्माणाधीन सीवर लाइन परियोजना में हो रही देरी को लेकर जल निगम के अधिशासी अभियंता को कड़ी फटकार लगाई। शनिवार को विकास भवन सभागार में हुई समीक्षा बैठक में यह तथ्य उजागर होने पर मुख्य सचिव जल निगम की कार्य प्रणाली पर खूब बरसे और सीवरेज परियोजना का कार्य जल्द पूरा कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
उन्होंने अमृत योजना- फेस 2 के अंतर्गत पेयजल पुनर्गठन योजना में कैंप लगाकर हर घर को पेयजल कनेक्शन दिए जाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त संतोष शर्मा ने उन्हें नगर निगम के कार्यों का ब्यौरा देते हुए बताया कि निगम का नया कार्यालय भवन तेजी से बन रहा है और शहर में 500 व्यक्तियों की क्षमता का बहुउद्देश्यीय सभागार भी निर्माणाधीन है। मुख्य सचिव ने यह सभी कार्य 15 अगस्त तक पूरे कराने के निर्देश दिए। उन्हें बताया गया कि हनुमत धाम पर एक मल्टी लेवल कार पार्किंग बनाई जा रही है और स्मार्ट रोड परियोजना पर भी तेजी से काम हो रहा है।
बैठक में मुख्य सचिव ने कोविड टीकाकरण, किसान सम्मान निधि, गरीब कल्याण अन्न योजना, मुद्रा योजना, पीएम आवास शहरी व ग्रामीण योजना आदि की समीक्षा की। शहरी क्षेत्र में आवासों की डूडा स्तर से कम प्रगति उन्होंने नाराजगी जताई। आठ पंचायतों में सामुदायिक शौचालय को जमीन की समस्या बताने पर उन्होंने जमीन की अदला बदली करने का सुझाव दिया। अमृत सरोवर योजना में प्रत्येक गांव में दो-दो तालाब विकसित करने के निर्देश दिए। शुरू में डीएम उमेश प्रताप सिंह और सीडीओ श्याम बहादुर सिंह ने मुख्य सचिव को एक जिला-एक उत्पाद के तहत निर्मित जरी-जरदोजी की शॉल व प्रतीक चिन्ह भेंट किया। मुख्य सचिव ने माटी कला बोर्ड की ओर से लाभार्थियों को बिजली से चलने वाले चाक भेंट किए। इसके बाद मुख्य सचिव ने खिरनीबाग मोहल्ले में पं. रामप्रसाद बिस्मिल के आवास, आर्य समाज मंदिर का दौरा भी किया।
मुख्य सचिव ने की शहीद संग्रहालय की तारीफ
शाम को शहीद संग्रहालय पहुंचे मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा ने निरीक्षण किया। उन्होंने शहीद संग्रहालय की तारीफ की। कहा कि यहां पर बड़े और बच्चों के लिए क्विज कंप्टीशन होना चाहिए। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने इसका समर्थन किया। वित्त मंत्री ने बताया कि संग्रहालय में लाइट एंड साउंड लगाने की स्वीकृति मिल गई है।
मुख्य सचिव के जाने के बाद विवाद
मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा पं. राम प्रसाद बिस्मिल के आवास पर पहुंचे थे। उनके जाने के बाद उस घर में रह रहे परिवार के लोगों में आपसी विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची सदर थाने की पुलिस तीन लोगों को लेकर थाने आ गई।