शाहजहांपुर। सर्दी बढ़ते ही राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में भले ही मरीजों की संख्या कम हुई है, लेकिन बच्चों के सीने में जकड़न और बड़े लोगों में गले के संक्रमण की समस्या आई है।
बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज की ओपीडी के बाल रोग विभाग में 90 बच्चे आए। इसमें 20 बच्चे सर्दी से ग्रसित थे। सीने में जकड़न के साथ बुखार, खांसी, जुकाम और पेट की समस्या से पीड़ित थे। डॉक्टर के अनुसार, सर्दी में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर सावधानी बरतना जरूरी है। बुखार और जुकाम के साथ ही निमोनिया की शुरुआत होने लगती है। हालत गंभीर होने पर बच्चों को भर्ती भी किया जाता है। हालांकि, भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या अधिक नहीं है।
इसी तरह मेडिसिन रोग विभाग में गले के संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ी है। बुखार, गले में संक्रमण, खांसी और कफ आने की शिकायत लेकर मरीज अधिक आ रहे हैं। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ.सलीम अहमद बताते हैं कि दिक्कत होने पर तुरंत ही अस्पताल में डॉक्टर को दिखाएं।
-
बच्चों को सर्दी से बचाव को ये बरतें सावधानी
- तीन लेयर में कपड़े पहनें, एक लेयर गर्म कपड़ों का होना चाहिए।
-बच्चे के कानों को खुला नहीं रखें, सिर को ढककर रखा जाए।
-सर्द हवा चलने पर बच्चे को खुले में खेलने नहीं जाने दें।
-गुनगुना पानी पिलाएं, पौष्टिक आहार ही दें।