जीएफ कॉलेज के मैदान पर शॉट खेलता खिलाड़ी। संवाद
- फोटो : 1
शाहजहांपुर। मयूर स्पोर्टिंग की ओर से आयोजित अंडर-17 चैलेंज कप क्रिकेट टूर्नामेंट में चौधरी एकेडमी पुवायां ने कोचिंग-एस क्रिकेट टीम को पांच विकेट से हराकर अगले चरण में प्रवेश किया।
जीएफ कॉलेज के मैदान पर हुए मैच में टॉस जीतकर चौधरी एकेडमी ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी कोचिंग की टीम 25 ओवर में सभी विकेट गंवाकर महज 53 रन ही बना सकी। टीम की बल्लेबाजी बेहद निराशाजनक रही। समित ने सर्वाधिक 10 रन बनाए, जबकि पांच बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके। चौधरी एकेडमी की ओर से माही पटेल और उत्कर्ष चौहान ने दो-दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी चौधरी एकेडमी की टीम ने 15 ओवर में पांच विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। आदित्य वर्मा और हर्षल ने 11-11 रनों का योगदान दिया। ट्रिपल एस की ओर से विनय शर्मा, नितिन मौर्य और निखिल ने एक-एक विकेट लिया। इससे पहले टूर्नामेंट का उद्घाटन छावनी परिषद के नामित सदस्य अवधेश दीक्षित ने किया।
मैच के दौरान मोहम्मद नईम ने उत्कर्ष चौहान को सम्मानित किया। अंपायरिंग रिजवान ने की। आयोजक मयूर खन्ना ने बताया कि शुक्रवार को फरीद एकेडमी और प्रीतेश एकेडमी के बीच मुकाबला होगा।