शाहजहांपुर। कांट के गांव रसकूपा बहादुरपुर स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल-पेट्रोल के रुपयों को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दरोगा ने पंप के सीसीटीवी फुटेज दिखाने के लिए कहा तो पता चला कि कैमरे ही खराब हैं।
पंप स्वामी देवेश कुमार त्रेहान ने तहरीर देकर बाइक से आए युवक पर गाली-गलौज करने का आरोप लगाया था। उसने विधायक को मामा बताते हुए धमकाया था कि वह पंप में आग लगा देगा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और मामले की जांच की थी। युवक शराब के नशे में बताया जा रहा है। पंप मालिक देवेश त्रेहान ने शाहजहांपुर में पुलिस के अधिकारियों को पत्र दिया तो जांच ने तेजी पकड़ी। पुलिस ने पंप के सीसीटीवी फुटेज दिखाने के लिए कहा तो कैमरे खराब होने की जानकारी दी गई।
कांट इंस्पेक्टर अश्वनी सिंह ने बताया कि पंप मालिक ने कैमरे नहीं दिखाए हैं। युवक भी शराब के नशे में था। मामले में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-
मेरी छवि खराब करने के लिए कुछ लोग षड्यंत्र कर रहे हैं। हमने डीएम-एसपी और मुख्यमंत्री को पूर्व में ही पत्र भेज दिया था कि मेरा नाम लेकर छवि धूमिल करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। इस घटना में जिस व्यक्ति का नाम आ रहा है, उसे मैं जानता भी नहीं हूं।
अरविंद सिंह, विधायक ददरौल