शाहजहांपुर। सीबीएसई 12वीं का परीक्षाफल सोमवार को घोषित हो गया। हालांकि साइट देर से खुलने के कारण रिजल्ट निकालने में स्कूलों को काफी देर लगी और उतना ही छात्र-छात्राओं को इंतजार करना पड़ा। जैसे-जैसे रिजल्ट सामने आता गया, बच्चों का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंचता गया। खुशी में कभी चिल्लाते तो कभी कूदते बच्चे साथियों के साथ खुशियां मनाते रहे। स्कूल संचालकों ने सफल छात्रों को मिठाई खिलाकर उन्हें न सिर्फ बधाई दी, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की। जिले में सीबीएसई में भी लड़कियों ने बाजी मारी है। जनपद में कुल 83.24 प्रतिशत लड़कियां और 76.29 प्रतिशत लड़कों ने कामयाबी हासिल की है।
श्री शंकर मुमुक्षु विद्यापीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल (एसएसएमवी) की छात्रा सौम्या पाठक ने 98.2 प्रतिशत अंक लेकर जिला टॉप किया है। यहां बता दें कि सौम्या ने 10वीं की परीक्षा में भी जिला टॉप किया था और वह मंडल में दूसरे स्थान पर रही थी। सौम्या जलालाबाद के पूर्व चेयरमैन संजय पाठक और ममता पाठक की पुत्री है। जबकि एसएसएमवी के ही लवप्रीत सिंह, रोजी पब्लिक स्कूल जलालाबाद की निकिता सिंह और मारवाह मार्डर्न स्कूल पुवायां की इशप्रीत कौर ने 97 प्रतिशत अंक लेकर संयुक्त से जिले में दूसरा स्थान हासिल किया है। इसी तरह तक्षशिला पब्लिक स्कूल के नमन तिवारी और रॉयन इंटरनेशनल स्कूल के अवतार सिंह ने 96.8 प्रतिशत अंक लेकर संयुक्त रूप से जिले में तीसरा स्थान पक्का किया।
78.98 प्रतिशत रहा जिले का परीक्षाफल
शाहजहांपुर। सीबीएसई 12वीं में इस बार जिले के कुल 23 स्कूलों के छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनके लिए आठ केंद्र बनाए गए। सिटी को-आर्डिनेटर राजीव मोहन पांडेय ने बताया कि 12वीं में कुल 1945 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिसमें 1927 परीक्षा में शामिल हुए और 1522 उत्तीर्ण घोषित किए गए।
परीक्षा के लिए पंजीकृत 1945 विद्यार्थियों में 748 बालिकाएं और 1197 बालक शामिल थे, जिसमें 746 बालिकाएं और 1181 बालक परीक्षा में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि परीक्षा में 621 बालिकाएं और 901 बालक उत्तीर्ण घोषित किए गए। इस तरह जिले में लड़कियों की सफलता का प्रतिशत 83.21 और लड़कों का सफलता का प्रतिशत 76.19 रहा। कुल परीक्षाफल की बात करें, तो जिले का परीक्षाफल 78.98 फीसदी रहा। को-ऑर्डिनेटर राजीव मोहन पांडेय ने सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई दी है। संवाद