पुवायां। अमेरिकी डेलिगेशन का पुतला दहन करने के मामले में उप निरीक्षक की ओर से किसान नेताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं, किसान नेताओं ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
अमेरिका से ट्रेड डील की वार्ता करने भारत आए अमेरिकी डेलिगेशन का विरोध करने की घोषणा करते हुए भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी गुट ने डेलिगेशन का पुतला दहन करने की बात कही थी। चार जून को पुतला दहन रोकने के लिए 15 पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया, लेकिन डाक बंगला परिसर के पास केवल दो पुलिसकर्मी ही पहुंचे।
कुछ कार्यकर्ताओं ने डाक बंगले के पास आकर पुतला दहन कर दिया था। पुतला दहन के मामले में दर्ज कराई रिपोर्ट में उपनिरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि अपने साथियों के कहने पर गांव लालपुर जमीने जेबा के हरिपाल सिंह दो-तीन अन्य लोगों के साथ बाइक से आए और एक कपड़े में आग लगा दी, जिससे आम रास्ता बाधित हो गया और अफरातफरी मच गई। लोगों के इधर-उधर भागने से पुलिस को असुविधा का सामना करना पड़ा।
‘रिपोर्ट दर्ज करना किसानों का उत्पीड़न...पुलिस के खिलाफ होगा आंदोलन’
भाकियू चढूनी गुट के जिलाध्यक्ष भारत सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय आह्वान पर पुतला दहन का कार्यक्रम था। पुलिस ने पदाधिकारियों को नजरबंद कर दिया। चार-पांच कार्यकर्ताओं ने दो मिनट में पुतला दहन कर दिया। कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था, तो रिपोर्ट दर्ज कराने वाले को कैसे पता लग गया कि आवागमन बाधित हुआ और अफरातफरी मच गई। पुतला दहन के वीडियो उनके पास हैं, जिन्हें अधिकारियों के सामने पेश किया जाएगा। कोई आवागमन बाधित नहीं हुआ था। हरिद्वार के चिंतन शिविर से वापसी के बाद पुलिस के खिलाफ आंदोलन होगा।
भाकियू को जो आंदोलन करना है, वह करें। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस पर लगाए गए आरोप मनगढ़ंत और निराधार हैं।
-प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां