तिलहर। राजनपुर गांव में रविवार शाम हुई मारपीट और फायरिंग के मामले में नौ लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साथ ही आरोपियों की तलाश में टीम गठित कर दी गई है।
वीरेंद्र कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनके मौसेरे भाई विद्यासागर व धर्मवीर उससे बेवजह रंजिश मानते हैं। रविवार की शाम करीब साढ़े सात बजे अपने साथी राजपाल, प्रभूदयाल, कृष्ण कुमार, राम औतार, रामसरन, लिटिल और भारतेंदु कुमार के साथ बंदूक, रायफल व तमंचे लेकर आए और हवाई फायरिंग करने लगे।
साथ ही परिवार के लोगों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। वहीं, घटना के बाद सत्ताधारी नेता थाने पहुंचे और मामले में पैरवी करते हुए नजर आए। इससे माहौल गरमा गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि यदि आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो वह मामले को उच्च अधिकारियों तक ले जाने के लिए मजबूर होंगे।
प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि वीरेंद्र कुमार की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी को टीम लगा दी गई है।