शाहजहांपुर। तिलहर थाना क्षेत्र के कपसेड़ा गांव के पास हाईवे किनारे लगे आठ ब्रिक गार्ड तोड़े जाने की सूचना पर पहुंचे वनकर्मियों से अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने दो नामजद समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
वन विभाग की सदर रेंज में तैनात वन दरोगा चंद्रपाल सिंह के अनुसार, 14 अक्तूबर को अपराह्न करीब 2:30 बजे वह माली नरेश कुमार के साथ लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर गश्त कर रहे थे। कपसेड़ा के पास दो लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से सड़क किनारे लगे ब्रिक गार्ड तोड़ रहे थे। करीब आठ ब्रिक गार्ड क्षतिग्रस्त कर दिए गए थे।
वन दरोगा ने दोनों को रोककर ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में ले ली। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने अपने साथियों को बुला लिया और चंद्रपाल सिंह व नरेश कुमार के साथ धक्का-मुक्की करने लगे। इसके बाद आरोपी जबरन ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर चले गए। वन दरोगा ने घटना की तहरीर पुलिस को दी, लेकिन तीन दिन तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। सीओ तिलहर विदुष सक्सेना ने बताया कि थाना तिलहर अंतर्गत ग्राम नगरिया निवासी रविंद्र और बलवीर तथा दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद