घर से दुकान पर जा रहे सिलाई कारीगर की साइकिल में कार ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज को ले जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई।
क्षेत्र के गांव हरिहरपुर निवासी 25 वर्षीय अरुण कुमार पुत्र पुत्तू लाल गांव खड़सार में सिलाई की दुकान पर कारीगर का काम करता था। रोज की तरह वह बुधवार को घर से खड़सार दुकान पर जा रहा था, तभी रास्ते में पुलिया के पास पीछे से आई एक कार ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घरवालों ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ तहरीर दे दी है।
बाइक से गिरकर दो युवक गंभीर घायल
मिर्जापुर। अचानक असंतुलित हुई बाइक पर सवार दो युवक रोड के किनारे खाई में जा गिरे। बिना हेल्मेट बाइक चला रहे दोनाें युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा है।
क्षेत्र के गांव छोटा पहरूआ निवासी श्रीपाल वर्मा का 26 वर्षीय पुत्र सुरजीत और बाइक पर पीछे बैठा ग्राम मुस्तफानगर निवासी दोस्त 28 वर्षीय राजकुमार पुत्र हरिराम वर्मा गांव छोटे पहरूआ से मिर्जापुर बाजार आ रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थाने से पहले अचानक इनकी बाइक असंतुलित होकर रोड के किनारे गहरी खाई में जा गिरी। बाइक चालक सुरजीत और पीछे बैठा राजकुमार दोनों मुंह के बल खाई में गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनाें घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा है। दोनों घायल आपस में गहरे दोस्त बताये जा रहे हैं।
दो मार्ग दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल
खुटार। गांव पिपरिया भागवंत निवासी अभिषेक मिश्रा खुटार के राजीव गांधी कंप्यूटर सेंटर पर कौशल विकास मिशन के तहत ट्रेनर हैं। बृहस्पतिवार दोपहर वह बाइक से घर जा रहे थे। गांव सौंफरी के पास कुत्ते को बचाने के फेर में वह बाइक को नियंत्रित नहीं रख सके और खाई में जा गिरे। अभिषेक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक अन्य घटना में गांव पिपरिया बिरसिंहपुर निवासी अशोक सिंह गांव के ही अपने दोस्त पंजाब सिंह के साथ गोला जा रहे थे। कठिना पुल से आगे अज्ञात वाहन के चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।