पुवायां (शाहजहांपुर)। शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर गंगसरा गांव के पास शुक्रवार रात एक कार सड़क पर बैठे सांड़ से टकराने के बाद बाइक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार बसखेड़ा बुजुर्ग गांव के रहने वाले श्यामवीर (32) की मौत हो गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। सांड़ भी मर गया।
खुटार के गांव रुजहाकलां निवासी मुरारीलाल, धर्मेंद्र वर्मा, रमेश, बिहार के जिला मुजफ्फरपुर के ग्राम पूसा रोड निवासी सुधीर कार से पुवायां की ओर आ रहे थे। शुक्रवार रात 11 बजे गंगसरा के पास हाईवे पर बैठे सांड़ से टकराकर कार अनियंत्रित हो गई और बाइक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार श्यामवीर की मौके पर ही मौत हो गई। श्यामवीर का साथी खुटार के गांव चमराबोझी निवासी गोल्डी और कार सवार चारों लोग गंभीर घायल हो गए।
सूचना पाकर थाना प्रभारी आरके रावत मौके पर पहुंचे और घायलों को सीएचसी भिजवाया। बाइक सवार गोल्डी को परिजन निजी अस्पताल ले गए। धर्मेंद्र काे सीएचसी से राजकीय मेडिकल कॉलेज और वहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों को सीएचसी से इलाज के बाद घर भेज दिया गया।
श्यामवीर गांव नत्थापुर में एक किसान के यहां से काम कर घर जा रहे थे और हेलमेट नहीं लगाए थे। पुलिस ने सांड़ के शव को दफन करा दिया है। श्यामवीर की पत्नी पूजा देवी ने कार चालक के खिलाफ तहरीर दी है। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
छुट्टा पशु सामने आने से गिरी बाइक, बंदर के ईंट गिराने से महिला घायल
तिलहर। सड़कों पर छुट्टा घूमते गोवंशीय पशु और उत्पाती बंदर शनिवार को फिर हादसों की वजह बन गए। इस वजह से बाइक सवार दंपती और महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। सीएचसी पर प्राथमिक उपचार देने के बाद दंपती समेत चार बाइक सवारों को गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मदनापुर क्षेत्र के गांव महियावर निवासी बलदेव सिंह शनिवार की शाम पत्नी रजविंदर कौर के साथ शाहजहांपुर से बाइक से घर लौटते वक्त लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर कछियानी खेड़ा हनुमान मंदिर के पास अचानक सामने आए छुट्टा गोवंशीय पशु से बचने की कोशिश में बाइक फिसलने से पत्नी समेत घायल हो गए। मोहल्ला नई बस्ती निवासी कल्लू अपने साथी संत कुमार के साथ गांव मिर्गापुर में एक शादी समारोह में जाते वक्त भुरेली गांव के पास सामने आए पशु से बचने के फेर में बाइक से नियंत्रण खो बैठे और दोनों लोग गिरकर घायल हो गए। इसके अलावा हुसैनपुर गांव में रवीता शनिवार शाम घर के आंगन में बैठीं थीं। इसी दौरान छत पर बैठे बंदर दीवार से ईंट गिरा दी। सिर में ईंट लगने से रवीता घायल हो गईं। संवाद