पुवायां के गांव गंगसरा के पास हाइवे पर पशुओं का झुंड। संवाद
पुवायां। सांड़ से कार टकराने के बाद बाइक में टक्कर लगने से गांव बसखेड़ा बुजुर्ग के 32 वर्षीय श्यामवीर की मौत के बाद छुट्टा पशु पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया गया। अभियान में मात्र 20 पशु पकड़कर खानापूर्ति की गई।
तीन जुलाई की रात खुटार के गांव रुजहाकलां निवासी मुरारीलाल, धर्मेंद्र वर्मा, रमेश, बिहार के जिला मुजफ्फरपुर के ग्राम पूसा रोड निवासी सुधीर कार से पुवायां की ओर आ रहे थे। रात 11 बजे गंगसरा के पास हाईवे पर बैठे सांड़ से टकराकर कार अनियंत्रित हो गई और बाइक से टकरा गई थी।
हादसे में बाइक सवार श्यामवीर की मौके पर ही मौत हो गई थी। एसडीएम सदानंद सरोज ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदार अधिकारियों, कर्मचारियों से नाराजगी जताई थी। रविवार को एसडीएम के निर्देश पर बीडीओ आरपी राना ने पशुओं को पकड़ने का अभियान चलवाया, लेकिन केवल 20 पशु ही पकड़े जा सके। जबकि शाम होते ही शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर पुवायां क्षेत्र में ही सौ से अधिक पशु हाईवे पर बैठ जाते हैं।
एसडीएम सदानंद सरोज ने बताया कि छुट्टा पशुओं को लेकर तहसील क्षेत्र के नगर पालिका, नगर पंचायतों और सभी बीडीओ को पत्र जारी किया जा रहा है। जिसमें छुट्टा पशुओं को पकड़कर गोशाला भिजवाने के निर्देश दिए हैं।