लखीमपुर खीरी। परिवहन निगम से बसें मिलने के बाद लखीमपुर डिपो ने यात्रियों की सुविधा के लिए नई सेवाएं शुरू कर दी हैं। एआरएम के अनुसार, डिपो को 52 सीटर की 12 नई बसें मिली हैं, जिनके साथ चालक व परिचालक भी नियुक्त कर दिए गए हैं।
डिपो प्रशासन ने तीन बसें प्रतिदिन शाहजहांपुर होकर दिल्ली, एक बस गोंडा और शेष बसें गौरीफंटा से लखनऊ के लिए रवाना करना शुरू कर दिया है। इससे खासकर नेपाल बॉर्डर क्षेत्र में रहने वाले लोगों को राजधानी तक सीधी बस सुविधा मिलने लगी है।
गोंडा के लिए मिली राहत
पहले लखीमपुर या गोला से गोंडा की कोई सीधी बस नहीं थी। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए अब एक बस गोंडा के लिए निर्धारित की गई है। यह बस लखीमपुर से दोपहर 2:30 बजे चलकर शाम 7:30 बजे गोंडा पहुंचेगी और वहीं रात में ठहरकर अगले दिन सुबह 6 बजे गोंडा से रवाना होकर 11 बजे लखीमपुर लौट आएगी।
लखीमपुर से दिल्ली के लिए पहली बस शाम तीन बजे
लखीमपुर से दिल्ली जाने वाली बसें शाम 3, 4 और 5 बजे रवाना होंगी, जो अगली सुबह क्रमशः 4, 5 और 6 बजे दिल्ली पहुंचेंगी। इसी तरह दिल्ली से वापसी में शाम 3, 4 और 5 बजे बसें चलेंगी, जो अगले दिन सुबह लखीमपुर पहुंचेंगी।
निगम की समस्त बसें दिल्ली, गोंडा व लखनऊ रूट पर संचालित हैं। इसके अलावा निघासन, बेलरायां, सिंगाही सहित जिले के उन रूटों का सर्वे कराया जाएगा, जिस पर रोडवेज बसें नहीं हैं, जिससे उन रूट के यात्रियों को भी रोडवेज बसों की सुविधा मुहैया कराई जा सकी। - गीता सिंह, एआरएम, लखीमपुर डिपो