भावलखेड़ा। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के मोहल्ला चमकनी गाड़ीपुरा में दबंगों ने मामूली विवाद के चलते एक घर पर धावा बोल दिया। दहशत फैलाने के लिए ताबड़तोड़ कई राउंड फायर किए। इससे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। सूचना के बावजूद भी पुलिस देर से मौके पहुंची। तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। मामले में छह लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना राम चंद्र मिशन क्षेत्र के मोहल्ला चमकनी गाड़ीपुरा में कुछ लोग सड़क पर कबाड़ की गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। इससे लोगों को निकलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में कई बार पुलिस से भी शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। आठ नवंबर को मो. उमर का गाड़ी खड़ी करने वाले लोगों से कुछ विवाद हो गया। उस वक्त तो आसपास के लोगों ने मामले को शांत करा दिया। देर रात करीब 10:00 बजे आरोपी मो. उमर के घर आ धमके। गाली गलौज करना शुरू कर दिया। घर का दरवाजा नहीं खुला तो दबंगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। सूचना पर काफी देर के बाद रामचंद्र मिशन पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि मामले में शहजाद, आजम, सोहराब, शादाब, अजमेरी, शाहिद के खिलाफ धारा 147, 307, 323, 504, 506 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही हैं।