नेशनल हाईवे-24 और पलिया-लखनऊ वाया हरदोई स्टेट हाईवे पर चल रहा निर्माण कार्य भारत संचार निगम लिमिटेड के नेटवर्क पर भारी पड़ रहा है। फोरलेेन निर्माण में जुटे मजदूरों की असावधानी से बृहस्पतिवार को सुबह बीएसएनएल की भूमिगत ऑप्टिकल फाइबर केबल दो जगह कट जाने से शहर की ब्रॉडबैंड सेवा दिन भर ठप रही।
बता दें कि एनएच-24 के सीतापुर-बरेली खंड पर फोरलेन निर्माण को विभिन्न कार्य तेजी से कराए जाने लगे हैं। इसी तरह हरदोई रोड पर नेशनल हाईवे बाईपास से लेकर आंझी शाहाबाद तक पुलिया, डिवाइडर आदि बनाने का काम किया जा रहा है। इसी दौरान हरदोई रोड पर ओएफसी कटने से शहर के तमाम ब्रॉडबैंड कनेक्शन बंद होे गए। जिला प्रबंधक दूरसंचार राजकुमार के निर्देश पर तकनीकी टीम ने करीब दो घंटे तक जांच करने के बाद सेहरामऊ दक्षिणी के पास केबिल कटा पाया।
केबल का यह फाल्ट ठीक भी नहीं हो पाया था कि दोपहर बाद बरेली मोड़ से लेकर रामगंज, केरूगंज, घंटाघर आदि क्षेत्रों के ब्रॉडबैंक कनेक्शन ठप हो गए। जांच करने पर इस बार एनएच-24 पर बंथरा के पास ओएफसी कटी पाई गई। मंडलीय अभियंता दूरसंचार मधुरेंद्र पांडेय ने बताया कि इन खराबी के कारण ब्रॉडबैंड के 1800 कनेक्शन प्रभावित हुए। डीईटी पांडेय के अनुसार सेहरामऊ का फाल्ट ठीक कर लिया गया है, जबकि बंथरा में भी ओएफसी पर काम कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फाल्ट ठीक होने तक ओएफसी सर्किट अन्य लाइनों पर डाइवर्ट करके ब्रॉडबैंड कनेक्शन चालू किए जा रहे हैं।