मीरानपुर कटरा में हाईवे की सर्विस रोड पर धरने पर बैठे राष्ट्रीय गो रक्षक संघ के कार्यकर्ताओं से
मीरानपुर कटरा। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित एक बिजली के खंभे में करंट आने से शुक्रवार को एक गोवंशीय पशु की मौत हो गई। राष्ट्रीय गोरक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष पं. अजीत शर्मा ने विद्युत निगम के एसडीओ और जेई पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं के साथ सर्विस रोड पर मृत पशु को रखकर जाम लगा दिया। सीओ के कार्रवाई के आश्वासन पर धरना खत्म कर जाम खोला गया।
अजीत शर्मा ने बताया कि मोहल्ला बंगशान में हाईटेंशन लाइन के इस खंभे में एक माह पहले भी करंट आने की शिकायत मिली थी। उस समय शिकायत पर कर्मचारियों ने खंभे पर पॉलीथिन लपेट दी थी। शुक्रवार शाम सात बजे खंभे में करंट उतरने से गोवंशीय पशु चपेट में आ गया। उन्होंने जेई को फोन किया लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। आधे घंटे तक तड़पने के बाद गोवंशीय पशु ने दम तोड़ दिया। जाम लगने की सूचना पर पहुंची तिलहर सीओ इशिका सिंह ने धरने पर बैठे लोगों से बात की। उन्होंने कहा कि तहरीर दिए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में अधिकारियों को भी अवगत कराया जाएगा। संवाद