शाहजहांपुर के विकास भवन में बुक बैंक खुलेगा। इसमें जो लोग पुस्तकों को जमा करेंगे, उन्हें फल-फूल और सब्जियों का बीज निशुल्क मिलेगा। वहीं इन पुस्तकों से जरूरतमंद बच्चे पढ़ सकेंगे।
शाहजहांपुर में जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए विकास भवन में बुक बैंक खोला जाएगा। इसमें लोगों से उन पुस्तकों को जमा कराया जाएगा, जो उनके उपयोग में नहीं है। इन पुस्तकों को जरूरतमंद बच्चों को उपलब्ध करवाया जाएगा। यह पहल मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. अपराजिता सिनसिनवार ने की है।
विज्ञापन
सीडीओ डॉ. अपराजिता सिनसिनवार ने बताया कि बुक बैंक का शुभारंभ आठ जनवरी को विकास भवन में किया जाएगा। बुक बैंक में लोग अपने बच्चों की वो पुस्तकें जमा कर सकते हैं, जो उनके प्रयोग में नहीं आ रही हैं। इनमें इनसाइक्लोपीडिया यानि विश्वकोश, ज्ञानकोश या विश्व ज्ञानकोश, दुनिया भर की तरह-तरह की जानकारी को समेटने वाली किताबें, इतिहास व कहानियों आदि ज्ञानवर्धक पुरानी पुस्तकें शामिल हैं।
पुस्तक जमा करने वालों को निशुल्क मिलेगा बीज
बुक बैंक में प्राप्त पुस्तकों को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों, बाल सुधार गृह के बच्चों को उपलब्ध कराया जाएगा। इसके एवज में जो भी व्यक्ति बुक उपलब्ध कराएगा उनको अच्छी प्रजाति के फल, फूल और सब्जियों के बीज मुफ्त में उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे पर्यावरण की रक्षा भी हो सकेगी। उन्होंने जनपदवासियों से इस जनकल्याणकारी कार्य में अपेक्षित सहयोग प्रदान करने की अपील की है।