गांव के किसी व्यक्ति ने उनको जानकारी दी तो वह परिजनों सहित मौके पर पहुंचे और तालाब से शोभित को निकालकर डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने शोभित को मृत घोषित कर दिया। वह आरोपियों के घर शिकायत करने गए तो उन्हें भी हत्या की धमकी दी गई।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया तो परिजन पहले रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग करने लगे। शाम पांच बजे पुलिस को नामजद तहरीर दी गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
करूण क्रंदन से आंखें हुईं नम
शोभित के भाई उमेश की 12 जुलाई को शादी हुई थी। उमेश और परिजन सोमवार को बहू को विदा कराने गए थे। घर में अभी कुछ नजदीकी रिश्तेदार भी हैं। हंसी खुशी के माहौल के बीच ढोलक पर गीत गाए जा रहे थे, लेकिन इस बीच जानकारी मिली कि शोभित की मौत हो गई। सूचना पाकर उमेश की ससुराल के लोगों ने बिना तैयारी के ही जल्दी से विदाई कर दी। शादी की खुशियां भी मातम में बदल गईं।
शोभित की मौत से करूण क्रंदन शुरू हो गया। उमेश के घर गांव के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। रोने बिलखने की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद तमाम लोगों की आंखे नम हो उठीं। पड़ोस के लोगों ने शोभित को परिजनों को सांत्वना देकर बमुश्किल शांत किया। शोभित की मौत से दादी सुशीला देवी, पिता राजकुमार, मां रामबेटी, भाई उमेश, सुमित, अभिषेक, बहन काजल का रोकर बुरा हाल था।
सीओ पुवायां पंकज पंत ने बताया कि शोभित के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पिता ने जो तहरीर दी है, उसकी जांच कराई जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।