शाहजहांपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतिम चरण में ब्लॉक प्रमुख पदों के चुनाव के लिए नामांकन और नाम निर्देशन पत्रों की जांच के बाद शुक्रवार को अपराह्न तीन बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी हो गई। नौ ब्लॉकों में पहले ही भाजपा समर्थित उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना तय हो चुका है तो शुक्रवार को कांट ब्लॉक से ईश्वरवती उम्मीदवारी का पर्चा वापस लेकर भाजपा में शामिल हो गईं। वहां भाजपा समर्थित श्रीदत्त शुक्ला का भी ब्लॉक प्रमुख बनना तय हो गया है। इस तरह अब केवल भावलखेड़ा, सिंधौली, जैतीपुर, तिलहर और बंडा ब्लॉक में एक से अधिक प्रत्याशी होने के कारण शनिवार को दिन में 11 बजे से मतदान और अपराह्न तीन बजे से मतगणना कराई जाएगी।
डीएम ने बैठक कर दिए कई निर्देश : जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत)/ डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें जरूरी दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुसार मतदान के दौरान लगातार आरओ, एआरओ और सेक्टर मजिस्ट्रेट के संपर्क मेें बने रहने के निर्देश दिए। कहा-चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने को सभी तैयारियां पूरी कर लें। डीएम ने कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्र के मतदान कक्ष को अभी से व्यवस्थित करा लें और चुनाव कोविड-19 की गाइडलाइन के अनुसार कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मतदान से लेकर मतगणना पूरी होने तक चुनाव कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
डीएम ने कहा कि मतगणना के दौरान ब्लॉक कार्यालयों में अनावश्यक लोगों का प्रवेश रोकने के लिए आसपास बैरीकेडिंग कराएं और मतगणना के दौरान केवल प्रत्याशी के अतिरिक्त उनके अभिकर्ता को मतगणना कक्ष में जाने की अनुमति दी जाए। इस दौरान वहां के कर्मचारी तभी ड्यूटी से हटेंगे, जब उनके प्रतिस्थानी आ जाएंगे। यह क्रम मतदान से मतगणना पूरी होने तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मतगणना केंद्र के भीतर मोबाइल फोन ले जाना प्रतिबंधित रहेगा और केवल निर्वाचन अधिकारियों, मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारियों को मतगणना केंद्र के भीतर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति होगी। यदि कोई उम्मीदवार मतगणना के समय उपस्थित होने में असमर्थ है तो वह आरओ की अनुमति से गणना अभिकर्ता की नियुक्ति कर सकता है। मतों की गणना किए जाने पर यदि किन्हीं दो या दो से अधिक उम्मीदवारों को बराबर मत प्राप्त होते हैं तो उप्र पंचायत राज नियमावली 1994 के नियम 54, एवं नियम 55 के तहत निर्वाचन अधिकारी उन उम्मीदवारों के बीच पर्ची डालकर तत्काल निर्णय करेंगे।
-
भावलखेड़ा में भाजपा-सपा के बीच होगा सीधा मुकाबला
रौसर कोठी। विकास खंड भावलखेड़ा में ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव के लिए भाजपा से राजाराम और सपा से ज्योति कनौजिया मैदान में हैं। राजाराम पूर्व में जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं। वहीं सपा समर्थित ज्योति कनौजिया क्षेत्र पंचायत सदस्य रहीं। दोनों प्रत्याशियों में किसी के भी पर्चा वापस नहीं लिए जाने के कारण अब इन दोनों के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना है। इस बीच, अधिकारियों ने मतदान और मतगणना को लेकर जरूरी तैयारियां शुरू कर दी हैं। संवाद
-
जैतीपुर में मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
जैतीपुर। ब्लॉक प्रमुख पद के लिए आज विकास खंड क्षेत्र के 69 क्षेत्र पंचायत सदस्य मतदान करेंगे। ब्लॉक प्रमुख पद के लिए सपा के करुणेश यादव का भाजपा समर्थित सपना कश्यप से सीधा मुकाबला होगा। दोनों प्रत्याशी अपनी जीत का दावा ठोकने के साथ क्षेत्र पंचायत सदस्यों को अपने पक्ष में मतदान करने के लिए मनाने में जुटे हैं। बता दें कि सपा प्रत्याशी करुणेश यादव के बाबा राम सिंह पांच बार और उनके पिता सत्येंद्र पाल सिंह यादव एक बार ब्लॉक प्रमुख रहे तो सपा प्रत्याशी की मां ईश्वरवती यादव भी एक बार ब्लॉक प्रमुख रहीं हैं। गत वर्ष मरेना के बीडीसी सदस्य राजकुमार सिंह ने ईश्वरवती यादव के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाकर सीट पर कब्जा किया था। दूसरी ओर, मीरानपुर कटरा निवासी भाजपा प्रत्याशी सपना कश्यप के पति राजीव कश्यप दो बार विधानसभा चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे हैं। इस बार जैतीपुर ब्लॉक प्रमुख की सीट पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है। इस बीच, चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से कराने को लेकर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। मतदान और मतगणना की सुरक्षा में दो इंस्पेक्टर, दो एसओ, दस दरोगा, 50 सिपाही और दस महिला सिपाहियों की ड्यूूटी लगाई गई है। संवाद
-
बंडा में एक नामांकन वापस, अब भाजपा और सपा प्रत्याशी के बीच सीधा मुकाबला
बंडा। ब्लॉक प्रमुख पद के लिए शुक्रवार को एक नामांकन वापस ले लिया गया। अब बंडा में भाजपा और सपा प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला होगा।
बंडा में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए भाजपा के ओमप्रकाश और उनके पुत्र कृष्णपाल ने तो सपा से सुबोध कनौजिया ने नामांकन कराया था। बृहस्पतिवार को ही ओमप्रकाश और सुबोध कनौजिया से एक दूसरे के नामांकन पर आपत्ति भी दाखिल की थी। आरोप था कि जिस अधिवक्ता से नोटरी कराई गई है, उनका लाइसेंस रिन्यूवल के लिए गया है। बाद में दोनों की आपत्ति खारिज कर दी गई थी।
सुबोध कनौजिया ने आरोप लगाया था कि उन पर नामांकन वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। शुक्रवार को कृष्णपाल ने नामांकन वापस ले लिया। अब भाजपा और सपा प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला होगा। संवाद
-
कांट में सपा प्रत्याशी ने बदला पाला, भाजपा का दामन थामा
सपा प्रत्याशी के नामांकन वापस लेने से भाजपा के प्रत्याशी का रास्ता साफ
शाहजहांपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की तर्ज पर कांट ब्लॉक प्रमुख के सपा प्रत्याशी ने अंतिम समय में न केवल अपना नामांकन वापस ले लिया बल्कि भाजपा की सदस्यता ले ली। चुनावी मैदान में अकेले होने के कारण अब कांट के भाजपा प्रत्याशी श्रीदत्त शुक्ला का निर्वाचन निर्विरोध तय हो गया है।
विकास खंड कांट में भाजपा के श्रीदत्त शुक्ला का ब्लॉक प्रमुख पद पर निर्विरोध निर्वाचन शुक्रवार को तय हो गया। सपा की ईश्वरवती पत्नी सुखपाल सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। ईश्वरवती का पर्चा अन्य ब्लॉकों की तरह बगैर किसी खींचतान के जमा हो गया था और उसमें किसी प्रकार की कोई अव्यवस्था नहीं हुई। तभी से अटकलें लगाई जा रही थीं कि दोनों प्रत्याशी के नामांकन होने के बाद चुनाव होगा या जिला पंचायत अध्यक्ष पद की तरह नाम वापसी होगी। चूंकि, इस बार भाजपा और सपा दोनों ही प्रत्याशी एक ही गांव कुर्रियाकलां के थे। बृहस्पतिवार रात दो बजे तक मीटिंग के बाद समझौता करा दिया। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के कैंप कार्यालय राजभवन में श्रीदत्त शुक्ला और ईश्वरवती के पति सुखपाल सिंह ने एक-दूसरे को माला पहनाकर गले लगाया।
भाजपा नेताओं ने पार्टी कार्यालय में ईश्वरवती को भाजपा की सदस्यता दिलाकर अपने खेमे में मिला लिया और बाद में दोपहर 12:40 बजे ब्लॉक कांट में ईश्वरवती ने अपना पर्चा वापस ले लिया।
इस दौरान जिला प्रभारी बृज बहादुर, जिलाध्यक्ष हरिप्रकाश वर्मा, महानगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता, सांसद अरुण कुमार सागर, विधायक मानवेंद्र सिंह, मिथिलेश कुमार, दर्जा राज्यमंत्री सुरेंद्र वाल्मीकि, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप यादव, वीरेंद्र पाल सिंह यादव, क्षेत्रीय महामंत्री राकेश मिश्रा आदि मौजूद रहे।
-
सिंधौली : ऋतु सिंह और सुनीता सिंह ने वापस लिया नामांकन
सिंधौली। ब्लॉक प्रमुखी के चुनाव में अब भाजपा और सपा प्रत्याशी के बीच सीधा मुकाबला होगा। निर्दलीय ऋतु सिंह और सुनीता सिंह ने अपने नामांकन वापस ले लिए हैं। ब्लॉक गेट पर शाम सात बजे सूची चस्पा कर दी गई जिसमें सपा से सीमा सिंह और भाजपा से मछला सिंह के बीच शनिवार को चुनाव होगा।
कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह शुक्रवार को ऋतु सिंह के घर पहुंचे। बताया जा रहा है कि कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना से बातचीत के बाद ऋतु सिंह ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इससे पहले ऋतु सिंह के घर दूसरे दिन भी राजस्व विभाग की टीम और पुलिस पहुंची थी। तहसीलदार चमन सिंह ने बताया तालाब के संबंध में शिकायत थी उसकी नाप के लिए ही आए हैं।
इसी प्रकार सपा प्रत्याशी सीमा सिंह पत्नी अवधेश सिंह के बिलंदपुर गद्दी स्थित पेट्रोल पंप पर भी जांच करने के लिए एक टीम पहुंची। सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां की जांच करने आई टीम से नोकझोंक भी हुई। अवधेश सिंह ने बताया कि जांच करने एक टीम आई थी लेकिन वह वापस चली गई। पूछने पर बताया गया कि अधिकारियों के निर्देश पर टीम आई है।
-
निर्दलीय ऋतु सिंह के समर्थन में सिंधौली पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता
शाहजहांपुर । ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में सत्ता पक्ष की मनमानी का कांग्रेस पदाधिकारियों ने शुक्रवार को कड़ा विरोध किया। पदाधिकारी सिंधौली पहुंचे और यहां निर्दलीय प्रत्याशी ऋतु सिंह का समर्थन किया। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष रजनीश कुमार गुप्ता मुन्ना ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में नामांकन के बाद से लगातार विपक्ष व निर्दलीय प्रत्याशियों को सत्तापक्ष के इशारे पर प्रशासन और पुलिस के दम पर चुनाव लड़ने से रोका जा रहा है। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ता मूकदर्शक बनकर लोकतंत्र की हत्या होते नहीं देख सकते।
उन्होंने आरोप लगाया कि सिंधौली में प्रमुख पद की प्रत्याशी ऋतु सिंह के आवास को चारों ओर से घेरकर उन पर पर्चा वापसी का दवाब बनाया गया। यह भी कहा गया कि ऐसा न करने पर मकान को जेसीबी से गिरवा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह शर्मनाक है।
जिलाध्यक्ष के साथ कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष पवन कुमार सिंह, वरिष्ठ नेता कृष्ण विनोद मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य जगदीश गंगवार, फुरकान अहमद कुरैशी, गौरव त्रिपाठी, अमन गुप्ता आदि ने भी मौके पर पहुंचकर प्रशासन और पुलिस कार्रवाई का कड़ा विरोध किया। संवाद
-
तिलहर : निर्दलीय प्रत्याशी ने वापस लिया नामांकन, भाजपा-सपा में मुकाबला
तिलहर। ब्लॉक प्रमुख पद पर निर्दलीय प्रत्याशी छाया देवी का नामांकन पत्र वापस होने के बाद अब भाजपा और सपा प्रत्याशी में सीधा मुकाबला होना तय हो गया है। 71 मतों में जीत के लिए 36 मत आवश्यक हैं। जीत के इस आंकड़े को पार करने के लिए भाजपा और सपा प्रत्याशी जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं। फिलहाल दोनों प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।
भाजपा के विधायक रोशन लाल वर्मा की प्रतिष्ठा दांव पर है। भाजपा प्रत्याशी के रूप में कविता यादव पत्नी वरुण यादव और सपा प्रत्याशी के रूप में राजवती राठौर पत्नी नरवीर राठौर और निर्दलीय प्रत्याशी में बिलहरी निवासी छाया देवी पत्नी सत्यपाल ने अपना नामांकन कराया था। निर्दलीय प्रत्याशी ने सपा प्रत्याशी के साथ आकर पर्चा भरा था। शुक्रवार को निर्दलीय प्रत्याशी छाया देवी ने दोपहर दो बजे आकर अपना पर्चा वापस ले लिया। संवाद
-
अब केवल पांच विकास खंडों में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए मतदान कराया जाना है क्योंकि अन्य स्थानों पर एकल पर्चे भरे जाने अथवा प्रत्याशियों द्वारा नाम वापस ले लिए जाने से वहां के उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन तय है। जिन ब्लॉकों में चुनाव होना है, वहां कानून व्यवस्था की दृष्टि से सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की जा रहीं हैं ताकि मतदान से लेकर मतगणना होने तक किसी स्तर पर कोई गड़बड़ी नहीं होने पाए। इस बारे में डीएम के स्तर से संबंधित अधिकारियों को विस्तृत दिशा निर्देश दिए गए हैं। -गिरिजेश कुमार चौधरी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत)/एडीएम फाइनेंस