शाहजहांपुर। चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ के प्रांतीय आह्वान पर राजकीय मेडिकल कॉलेज के स्टाफ ने दो घंटे का कार्य बहिष्कार कर सरकार की स्थानांतरण नीति का विरोध जताया। कर्मचारियों को कहना था कि वर्तमान में सरकार द्वारा जो स्थानांतरण किए जा रहे हैं, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शुक्रवार को उत्तर प्रदेश डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष जेडी बंसल के नेतृत्व में तमाम स्वास्थ्यकर्मी राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक भवन के सामने एकत्रित हुए। यहां उन्होंने सरकार की स्थानांतरण नीति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि कोरोना काल में स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए फर्ज को निभाया। स्वास्थ्यकर्मी बिना अवकाश लेकर ड्यूटी पर डटे रहे। इसके बावजूद भी उन्हें कोई प्रोत्साहन देने के बजाय स्थानांतरण किए जा रहे हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दो घंटे का कार्य बहिष्कार करने के बाद स्वास्थ्यकर्मी अपने-अपने काम पर लौट गए।
इस मौके पर डॉ. एपी आर्य, डॉ. एसके ध्रुव, ललित यादव, एके त्रिपाठी, रामू नायक, जयपाल कनौजिया, सरोज कुमार, मीरा नागर, मोहम्मद मुजाहिद, मोहम्मद जुबैर, मेराज आदि मौजूद रहे।