शाहजहांपुर के जलालाबाद में एक महिला रील बनाकर इंस्टाग्राम पर डालती थी। किसी युवक ने उसका वीडियो डाउनलोड किया और एडिट कर उसे अश्लील बना दिया। फिर महिला को ब्लैकमेल करने लगा।
शाहजहांपुर के जलालाबाद में महिला को उसका अश्लील वीडियो भेजकर एक व्यक्ति ने उसे ब्लैकमेल कर 1.20 लाख रुपये ठग लिए। इसके बाद भी बार-बार फोन कर रुपये आरोपी मांग रहा है। मना करने पर आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है। परेशान महिला ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
विज्ञापन
जलालाबाद क्षेत्र के एक गांव की महिला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर रील बनाकर अपलोड करती है। उसने पुलिस को बताया कि करीब डेढ़ माह पहले एक अंजान व्यक्ति ने उसे फेसबुक मैसेंजर पर मैसेज भेजा। बताया कि इंस्टाग्राम से उसका एक वीडियो डाउनलोड कर लिया है। उसका एक अश्लील वीडियो बना लिया है। आरोपी ने उसे इंस्टाग्राम पर उसका अश्लील वीडियो भेजा तो उसने आरोपी से वीडियो डिलीट करने के लिए कहा। आरोपी ने रकम की मांग की।
महिला के अनुसार, उसने दस हजार रुपये आरोपी के बताए खाते में डाल दिए। इसके बाद भी वह लगातार पैसों की मांग करता रहा। उसने आरोपी से पीछा छुड़ाने के लिए कई बार में 1.20 लाख रुपये उसे भेज दिए। बताया कि खाता नंबर डालने पर उसमें आरोपी का नाम और निवासी बरेली लिखकर आ रहा था। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की छानबीन कराई जा रही है।