शाहजहांपुर में बंडा के गांव डिमरई निवासी अमरजीत सिंह पत्नी इंद्रजीत कौर (45) भतीजे सुखदेव के साथ बाइक से दवा लेने बिलसंडा जा रहे थे। बिलसंडा-बंडा मार्ग पर खन्नौत नदी के पुल के पास सामने से आ रही कार से भिड़ंत हो गई। हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। वहीं भाग रहे कार चालक व एक अन्य को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
शाहजहांपुर में बिलसंडा-बंडा मार्ग पर खन्नौत नदी के चपरुआ पुल के पास सामने से आ रही एक कार और बाइक की भिडंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। वहीं लोगों ने टक्कर के बाद भाग रहे कार चालक और एक अन्य युवक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने कार से एक तमंचा और रुपये बरामद किए हैं।
विज्ञापन
रविवार दोपहर बंडा के गांव डिमरई निवासी अमरजीत सिंह (48) के पेट में तेज दर्द हुआ। दोपहर करीब तीन बजे पत्नी इंद्रजीत कौर (45) भतीजे सुखदेव उर्फ सोनू को साथ लेकर बाइक से अमरजीत को दवा दिलवाने बिलसंडा जा रहीं थीं। बिलसंडा-बंडा मार्ग पर शाहजहांपुर व पीलीभीत जनपद की सीमा पर खन्नौत नदी के पुल के पास सामने से आ रही कार से भिड़ंत हो गई। तेज रफ्तार कार बाइक को टक्कर मारने के बाद खाई में जाकर पलट गई। कार चालक और एक अन्य युवक मौके से भागने लगे तो लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। इंद्रजीत कौर और सोनू कार के नीचे दब गए। लोगों ने मौके पर पहुंचकर दोनों को कार के नीचे से निकाला, लेकिन इस बीच इंद्रजीत कौर की मौत हो चुकी थी। हादसे में सोनू और अमरजीत सिंह भी गंभीर घायल हो गए। दोनों को बिलसंडा सीएचसी ले जाया गया।
सीएचसी से घायलों को पीलीभीत रेफर किया गया। बाद में परिजन इलाज के लिए बरेली ले गए। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में अमरजीत सिंह ने भी दम तोड़ दिया। खन्नौत नदी के एक ओर बंडा तो दूसरी ओर बिलसंडा थाना क्षेत्र की सीमा है। घटना बिलसंडा क्षेत्र में हुई है। कार एक बैंक मैनेजर की बताई जा रही है। कार से एक तमंचा और नकदी भी मिली है। लोगों ने चालक, कार सवार युवक को बिलसंडा पुलिस के सुपुर्द कर दिया। सीओ बीसलपुर प्रशांत सिंह ने बताया कि कार चालक को पकड़ लिया है। कार से बरामद तमंचे को लेकर पूछताछ की जा रही है। बरामद लगभग एक लाख 87 हजार रुपये फाइनेंस कंपनी के हैं।